कम्प्टीशन युग में विद्यार्थी योग्यता के आधार पर ही ऊचांई छू सकते हैं
मथुरा । प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री विजय बहादुर पाल ने आव्हान किया कि छात्र समय की उपयोगिता समझें और मन लगाकर पढके उच्च योग्यता हासिल करें। उन्होंने कहा कि आज कम्पटीशन का युग है जिसमें विद्यार्थी योग्यता के आधार पर ही ऊचांइयों को छू सकते हैं।
माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री यहां चम्पा अग्रवाल इंटर काॅलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना के स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना का ध्वज फहराकर-माॅ सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्रों पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
उन्होंने सीमा पर आतकंवादियों द्वारा आये दिन जवानों को मारे जाने और केन्द्र सरकार के मूकदर्शक बने होने की बात रखते हुए कहा कि वर्तमान में मंहगाई एवं अराजकता की स्थिति से जनता कराह रही है, गंगा और यमुना के प्रदूषण की स्थिति जस की तस बनी हुई है
प्रदेश के मंत्री ने स्वामी विवेकानंद का कथन उद्धृत करते हुए कहा कि उनके मतानुसार जो अपने को नहीं पहचानता वह नास्तिक और पहचानने वाला आस्तिक की श्रेणी में है, किंतु केन्द्र सरकार ने इसकी परिभाषा ही बदल दी है। उन्होंने छात्राओं का आव्हान किया कि वे किसी प्रकार गलत शब्दों जालों में न फंसे और वर्तमान कम्पटीशन युग में पढ लिखकर उच्च योग्यता हासिल करते हुए राष्ट्र निर्माण में सहभागी बने।
पूर्व में चमेली देवी कन्या इंटर काॅलेज की छात्राओं ने सरस्वती वन्दना, महाराजा अग्रसेन की छात्राओं द्वारा राष्ट्रगान एवं स्वागतगान प्रस्तुत किये गये। कार्यक्रम में उप शिक्षा निदेशक आर0पी0 शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक इंद्र प्रकाश, देशराज पाल, बीएस पाल, उपेन्द्र पाल यादव, उमेश अग्रवाल, डा0 अशोक अग्रवाल, विशन चंद्र अग्रवाल सहित स्कूली छात्र-छात्रायें उपस्थित रहे।





