फरह, ब्यूरोः अंत्योदय के उपासक पं. दीनदयाल उपाध्याय की जन्मस्थली दीनदयाल धाम में 25 मई को भारतीय जनता पार्टी की जन कल्याण पर्व रैली को लेकर समूचे क्षेत्र में उत्साह जैसा माहौल रच गया है। स्मारक और गांव में चल रही तैयारियों से तो यहां किसी बड़े महोत्सव होने का आभास हो रहा है। गांव के बुजुर्ग आने वाले अतिथियों के सम्मान को हो रही तैयारियों और साफ-सफाई की खुद तपती दोपहरी में देखभाल में जुटे हैं।
एकात्ममानवाद के पुरोधा के जन्मस्थान आ रहे प्रधानमंत्री और अन्य अतिथियों को गांव संस्कार के माहौल से परिपूर्ण दिखे, बुजुर्ग भी तैयारियों से जुड़ गए है। स्मारक और सेवा केंद्र की छोटी-छोटी कमियों को खोजकर दुरुस्त किया जा रहा है। गांव के आसपास सालों से जमे कूड़े के ढेर गायब होने लगे हैं। महिलाओं को भविष्य में इसी व्यवस्था को बनाए रखने के लिए कहा जा रहा है, जिससे शताब्दी महोत्सव के दौरान फिर मेहनत नहीं करने पड़े। शाम को गांव में बैठकर अगले दिन की योजना बनाकर उसे साकार करवाया जा रहा है। जेसीबी की मदद से गांव के आसपास लगे गंदगी के ढेर हटाए जा चुके है।





