जन्मदिन का केक काटकर होगी 2017 के चुनावों की शुरूआत
मथुरा। शुक्रवार 15 जनवरी को बसपा सुप्रीमो बहिन मायावती का जन्मदिन जुबली पार्क में जनकल्याण कारी दिवस के रूप में मनाया जायेगा। इस अवसर पर अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को उपस्थित होने के निर्देश दिये गये हैं।
जन्मदिन को आगामी विधानसभा 2017 के चुनाव के आगाज के रूप में मनाया जायेगा। कार्यकर्ताओं की भावनाओं के चलते वे बसपा सुप्रीमो को पांचवीं बार सूबे का मुख्यमंत्री देखना चाहते हैं। इसीलिये इसे बसपा शक्ति प्रदर्शन के रूप में आयोजित कर रही है। संकेत विधानसभा चुनाव के विजयश्री को लेकर हो रहे हैं। कार्यकर्ताओं में बेहद उत्साह है। आज इस सब को लेकर बहुजन समाज पार्टी की वरिष्ठ नेता और वृन्दावन की पूर्व पालिकाध्यक्ष पुष्पा शर्मा के फार्म हाउस पर आयोजित पत्रकार वार्ता में बसपा के आगरा-अलीगढ मण्डल के काॅर्डीनेटर दारासिंह आजाद ने बताया कि शुक्रवार को होने वाले जुबली पार्क में कार्यक्रम को लेकर पांचों विधानसभा से पांच-पांच हजार कार्यकर्ता जुबली पार्क पंहुचेंगे। मिशन 2017 का यह शंखनाद है। विधानसभा चुनाव आ रहे हंै इसीलिये विशाल सभा का आयोजन किया जा रहा है। इससे बसपा चुनाव जीतने का संदेश भी देगी। उन्होंने कहा कि आज सर्वसमाज बसपा की ओर देख रहा है। लोगों को बहिन मायावती का शासन याद आ रहा है। समाजवादी पार्टी की सरकार में हत्या, बलात्कार की घटनाओं ने रिकाॅर्ड तोड़े हैं। पूरे प्रदेश में जंगलराज कायम है। आने वाले समय में बसपा सबसे बड़ी पार्टी बनेगी और मायावती पांचवी बार मुख्यमंत्री बनेंगी। बसपा नेता और मथुरा-वृन्दावन के काॅर्डीनेटर योगेश द्विवेदी ने कहा कि पार्टी में 2017 के विधानसभा चुनावों को लेकर बेहद उत्साह है। बहिनजी को पांचवी बार सूबे का मुखिया बनाये जाने की बसपाईयों में पूरी तैयारी है। मथुरा में मिशन 2017 के लिये पूरी तैयारी है। बसपा मथुरा में कमजोर नहीं है। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत में भाजपा अपने बलबूते पर नहीं जीती है। दूसरे के सहयोग से जीत नहीं मानी जाती। हमारे बारह सदस्यों का हमें पूरा सहयोग मिला, बल्कि दो अन्य सदस्य भी हमारे खाते में जुड़े। बसपा ने जिला पंचायत चुनाव पूरी निष्ठा के साथ लड़ा और विस चुनाव में भी पूरी शक्ति के साथ लड़ाई लड़ी जायेगी। बहिनजी का जन्मदिन का केक इसी उपलक्ष्य में काटा जायेगा कि वे पांचवी बार प्रदेश की मुख्यमंत्री बनें। उन्होंने कहा कि भाजपा की जिला पंचायत कुछ समय की है। आगामी समय में इस जोड़तोड़ के रेडियो में ‘सैल’ हम ही डालेंगे। यूपी में अगली सरकार बहिनजी की बनेगी। 15 जनवरी का कार्यक्रम अभूतपूर्व होगा। गोवर्धन के विधायक पं. राजकुमार रावत ने पत्रकारों से कहा कि आज देश में झूठ बोलने वाले और प्रदेश में लूटने वालों की सरकार है। पूरे सूबे की जनता बहिनजी के सुशासन की ओर देख रही है। उन्होंने कहा कि बसपा उनके जन्मदिन को इसीलिये विधानसभा चुनावों की जीत के रूप में मनाने की तैयारी 1 को करेगी। बसपाईयों में इसको लेकर बेहद उत्साह है। बसपा नेता अतुल सिंसौदिया ने कहा कि 15 जनवरी को हम जबरदस्त शक्ति प्रदर्शन करेंगे। सपा और भाजपा दोनों ने ही देश को लूटा है। केन्द्र ने जनता को गुमराह किया। 15 लाख रूपये देने का प्रधानमंत्री का वादा झूठा निकला। आज लोगों को 15 रूपये भी नहीं मिले हैं। इस अवसर पर बसपा के जिलाध्यक्ष सत्यप्रकाश कर्दम ने कहा कि बहिन मायावती के जन्मदिन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उप्र सरकार के पूर्व मंत्री महेन्द्र सिंह शिरकत करेंगे। जुबली पार्क में इसके लिये विशेष तैयारियां चल रही हैं। पत्रकार वार्ता में बसपा की वरिष्ठ नेता पुष्पा शर्मा ने सभी को नववर्ष की बधाईयां देते कहा कि बहिनजी के जन्मदिन से चुनाव की शुरूआत हो जायेगी। लोग बसपा से जुड़ रहे हंै और काफी उत्साहित हैं। पत्रकार वार्ता में जिला पंचायत सदस्य डाॅ. ललित शर्मा, बसपा नेता ई. राजकुमार शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कर्दम, गोवर्धन सिंह, योगेश कुमार, अतिउर्रहमान, वीरेन्द्र परिहार आदि मौजूद थे।





