मथुरा : पीएम नरेंद्र मोदी की रैली के दौरान उस समय एक असहज स्थिति पैदा हो गई जब स्थानीय भाजपा सांसद हेमा मालिनी के पास शब्दों का अभाव पड़ गया। पीछे से एक केंद्रीय मंत्री के बताने पर उन्होंने जनता के सामने अपनी बात रखी। लेकिन, हेमा मालिनी की मदद करते हुए मंत्री की बात कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
दरअसल, अपने संसदीय क्षेत्र के विकास के लिए चलाई जा रहीं सरकारी योजनाओं के बारे में हेमा मालिनी को ज़्यादा कुछ पता ही नहीं था। तभी मंच पर उनके साथ खड़े पर्यटन मंत्री डा. महेश शर्मा ने बातों को संभाला और उन्हें बताया कि सरकार मथुरा और वृंदावन में पर्यटन के विकास के लिए बड़ी योजनाओं पर काम कर रही है।
मंच पर पहुंचीं सांसद हेमा मालिनी ने अपने भाषण की शुरुआत करते हुए कहा- "काफी कुछ काम कर रही हूं... और काफी करने की कोशिश कर रही हूं। आप सब जानते हैं कि यहां बिजली, पानी और सड़क की बहुत समस्या है, इन सबको हल करते-करते... और भी बहुत सारी योजनाएं हैं... उन सबके बारे में हमने हमारे प्रधानमंत्री जी से कहा हुआ है।" इसके बाद उन्हें कुछ समझ नहीं आया कि क्या बोलूं, तो मंच पर खड़े पर्यटन मंत्री डॉ. शर्मा ने उन्हें मदद करते हुए कहा कि बस इतना बोलिए कि 120 करोड़ रुपये मथुरा में पर्यटन के विकास के लिए कृष्णा सर्किट के नाम पर योजना में दिए जा रहे हैं। इतना ही नहीं, यह बात दोहराने के बाद हेमा मालिनी ने उन्हें भाषण देने के लिए बुला लिया। लेकिन, पूरी बातचीत लोगों ने माइक पर सुन ली।





