बांके बिहारी के प्राकट्योत्सव में भाग लेते श्रद्धालु
मथुरा। ठा. बांकेबिहारी मंदिर में आज भगवान का प्राकट्योत्सव, बिहार पंचमी उत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया। पूजन, अभिषेक और धार्मिक आयोजनों की मंदिर में आज धूम रही। बिहार पंचमी का पर्व वृन्दावन में बड़ी श्रद्धा, भक्ति के साथ मनाया जाता है। मंदिरों की नगरी वृन्दावन में आज विश्वप्रसिद्ध बांकेबिहारी मंदिर में ठाकुरजी का भव्य पंचामृत अभिषेक किया गया तथा ठाकुरजी को भव्य श्रंृगार कर उनकी आरती उतारी गयी। इस मौके पर रसिक समाज द्वारा पद गायन भी किया गया। प्राकट्योत्सव की बेला को लेकर भारी संख्या में भक्तजनों की भीड़ से मंदिर खचाखच भरा रहा। ज्ञात हो कि यह प्राकट्योत्सव बिहार पंचमी के रूप में जाना जाता है। बिहार पंचमी को लेकर तटिय स्थान स्थित श्री हरिदास आश्रम में सुबह से ही समाज गायन, गुरू महिला गायन एवं रसिक पदों का गायन होता देखा गया। यहां स्थित मोहिनी बिहारी की युगलश्री विग्रह की शिष्यों द्वारा भव्य पूजन, श्रंृगार के साथ भोग लगाये गये। यहां दूरदराज से आये शिष्यों की भीड़ से आश्रम भरा रहां श्री हरिदासजी नियमों के अनुरूप सेवा की गयी। यहां भण्डारे का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर में निधिवनराज से बांकेबिहारीजी की शोभायात्रा निकाली गयी जो बांकेबिहारी मंदिर पर आकर संपन्न हुयी। शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया।





