डीजल टैंकर में लगी आग को बुझाते फायरबिग्रेड कर्मी
मथुरा। थाना राया क्षेत्र में मथुरा-हाथरस मार्ग पर डीजल से भरे टैंकर में आग लग जाने से टैंकर व उसमें भरा डीजल पूरी तरह जलकर खाक हो गया। मौके पर पहुंची दो दमकलों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। बताया गया है कि चालक टैंकर में से तेल चोरी कर स्थानीय ढाबों पर बिक्री करने का प्रयास कर रहा था। जिससे ये दुर्घटना हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टैंकर सं. एचआर55 टी 2685 रिफाइनरी से डीजल भरकर जा रहा था, आज मंगलवार प्रातरू करीब नौ बजे चालक ने टैंकर को मथुरा-अलीगढ़ मार्ग स्थित गांव कोयल व पिरसुआ के मध्य खड़ा कर लिया। इस दौरान अचानक टैंकर से आग की लपटें उठने लगी। ग्रामीण व राहगीरों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें बढ़ती ही गई। मार्ग पर दोनों ओर वाहनों का आवागमन रूक गया। किसी तरह सूचना पाकर दो दमकल गाड़ी मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लेकिन तब तक टैंकर व उसमें भरा डीजल जलकर स्वाहा हो चुका था। स्थानीय लोगों के अनुसार टैंकर चालक यहां डीजल, पेट्रोल एवं गैस की चोरी करते हैं, स्थानीय ढाबा संचालक सस्ती कीमत में इन ज्वलनशील पदार्थों को लेकर ब्लैक में बिक्री करते हैं। जिसके चलते यह घटना घटी।





