मथुरा।। जनपद के थाना बलदेव क्षेत्र में मंगलवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे की नोंक पर चांदी कारीगर से करीब 16 किलो चांदी के आभूषणों से भरा थैला लूट लिया। कारीगर द्वारा विरोध करने और शोर मचाने पर बदमाश उसे जान से मारने की धमकी दे हवा में हथियार लहराते हुए भाग गए। लूट के बाद थाने पहुॅच पीडि़त ने पुलिस को आपबीती बताई तो मौके पर पहुॅची पुलिस ने बदमाशों के भागने की दिशा में पीछा किया लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
जानकारी के मुताबिक पड़ोसी जनपद हाथरस के थाना सादाबाद स्थित गांव गढ़ी अंता निवासी गंगाराम चांदी के घुंघरु व पायल बनाने का काम करता है। मंगलवार को वह करीब 16 किलो चांदी से बने घुंघरु व आभूषण लेकर मथुरा चांदी व्यापारियों को देने के लिए आ रहा था। जैसे ही उसकी बाइक थाना बलदेव क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे के निकट स्थित पैट्राॅल पम्प के सामने पहुॅची वहां पहले से ही खड़े बाइक सवार तीन युवकों ने तमंचा दिखाकर गंगाराम को रोक लिया और उससे चांदी से भरा थैला छुड़ाने का प्रयास किया। गंगाराम द्वारा विरोध करने पर एक बदमाश ने तमंचे की बट से उसके सिर पर प्रहार कर दिया तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दे डाली और हवा में फायरिंग कर उससे चांदी से भरा थैला लूट लिया और बदमाश फरार हो गए। पीडि़त गंगाराम ने थाना बलदेब पहुॅचकर पुलिस को लूट की घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुॅची पुलिस ने बदमाशों के भागने की दिशा में काॅम्बिग भी की लेकिन सफलता नहीं मिली। पीडि़त ने अपने साथ हुई लूट की घटना की तहरीर थाना बलदेव पुलिस को दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।





