पंचायत चुनाव में बंटनी थी
मथुरा। पंचायत चुनावों में बंटने के लिए आ रही शराब की एक बड़ी खेप को आबकारी टीम ने ठिकाने तक पहुंचने से पहले ही अपने कब्जे में ले, दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। शराब की कीमत करीब 33 लाख रुपए से अधिक बताई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला आबकारी अधिकारी पवन कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि ट्रक सं. पीबी11 बीयू 1067 में शराब लादकर लाई जा रही है, जो यहां जनपद में विभिन्न ठिकानों पर बांटी जाएगी। इस शराब का उपयोग प्रत्याशियों द्वारा चुनाव में मतदाताओं को पिलाने में किया जाएगा। सूचना पर आबकारी अधिकारी ने आबकारी निरीक्षक संजय यादव, रणविजय सिंह तथा आबकारी पुलिस सिपाही बलवीर शर्मा, तहसीलदार सिंह व ताराचंद को लेकर यमुना एक्सप्रेस-वे के मांट स्थित टोल प्लाजा पर पहुंच वहां से निकलने वाले ट्रक का इंतजार शुरू कर दिया। थोड़ी ही देर में जब ट्रक वहां से गुजरा तो आबकारी टीम ने उसका पीछा कर उसे रोक लिया और केबिन में बैठे चालक व एक अन्य आदमी को अपने कब्जे में ले ट्रक की तलाशी ली, तो उसमें पंजाब निर्मित किंग क्रेजी व्हिस्की की 11 सौ पेटी लदी थी। आबकारी टीम ट्रक व दोनों लोगों को यहां गोदाम पर ले आईं। पूछताछ में ट्रक चालक ने अपना नाम दर्शनलाल पुत्र सफी मौहम्मद तथा साथ बैठे ट्रक मालिक की पहचान वीर वीरेन्द्र सिंह पुत्र भूपेन्द्र सिंह निवासी पटियाला के रूप में की। आबकारी अधिकारी की मौजूदगी में इन लोगों ने शराब की कीमत करीब 33 लाख रुपए बताते हुए कहा कि यह शराब चुनाव के लिए यहां किसी ठेकेदार ने मंगाई थी, लेकिन माल किसे सौंपना था, यह बात दोनों में से किसी ने भी नहीं कबूली।





