ईंट मारकर सिर फोड़ा, बाद में परिजनों ने बेहोश हालत में भेजा मिलट्री हाॅस्पीटल
मथुरा। बीती सायं एक फौजी युवक ने पत्नी से विवाद के चलते थाना हाईवे के गेट के सामने सिर में ईंट मारकर आत्महत्या का प्रयास किया। बाद में मौके से बेहोशी की हालत में फौजी को मिलिट्री अस्पताल में इलाज के लिए दाखिल कराया है। जानकारी के अनुसार नटवर नगर की रहने वाली एक्स आर्मी मैन की पुत्री पिंकी का विवाह सादाबाद क्षेत्र में रहने वाले रौतान फौजी से कई वर्ष पूर्व हुआ था। बताया जाता है कि शादीशुदा युवती पिंकी अपने पिता के यहां ही रहना पसंद करती है जिसके चलते फौजी रौतान व पिंकी के बीच मतभेद चला आ रहा है। बीती सायं सभ्रान्त नागरिकों की देखरेख में युवती व फौजी को थाना हाईवे लाया गया था। यहां राजीनामा का प्रयास किया जा रहा था। इसी बीच फौजी अपने मानसिक संतुलन खोने की स्थिति में गेट के बाहर उत्पीड़न की बात कहते हुए आत्महत्या का प्रयास करने लगा और ईंट मारकर उसने अपना सिर फोड़ लिया। बाद में पुलिस को यह जानकारी हुयी तो उसने परिजनों के सुपुर्द कर मिलिट्री अस्पताल में भर्ती कराया गया।





