मथुरा। जनपद में बदमाशों का कहर बढता ही जा रहा है। बीतीरात वृन्दावन के चेतन्य बिहार में एक दंपत्ति से तमंचाधारी बदमाशों ने मकान में बंधक बनाकर जमकर लूटपाट की।
मिली जानकारी के अनुसार वृन्दावन के चेतन्य बिहार फेस-2 में बीतीरात करीब साढे नौ बजे बाइक पर सवार होकर आये चार बदमाश घर में घुस आये और उन्होंने घर में हरीशसिंह और उसकी पत्नी ऊषासिंह को बंधक बना लिया और तमंचे की नोंक पर जमकर लूटपाट की। बताते हैं कि चार बदमाश थे जो दंपत्ति से एक सोने की चेन, दो कुण्डल, एक अंगूठी और दस हजार रूपये नगदी और उनके मोबाइल लूटकर ले गये। बताते हैं कि लूटपाट की घटना को अंजाम देते समय बदमाशों ने दम्पत्ति, कु. वंशिका सहित दोनों बच्चों को बाथरूम में बंद कर दिया और करीब एक घंटे तक घर को जमकर खंगाला। घटना के बाद बदमाश बाइक पर सवार होकर भाग गये। दंपत्ति ने इसकी जानकारी पुलिस को दी लेकिन काफी देर बाद पुलिस घटनास्थल पर पंहुची जब तक लुटेरे फरार हो चुके थे। दंपत्ति के अनुसार यह बदमाश पिछले कई दिन से उनका पीछा कर रहे थे। कई दिनों से उनको उनके घर के आसपास देखा जा रहा था। कल रात्रि बाइक पर सवार होकर आये इन बदमाशों ने तमंचों के बल पर घर में जमकर लूटपाट की।
चार दिन में चार घटनायें
मथुरा। वृन्दावन के चेतन्य बिहार में पिछले चार दिनों के अंदर चार घरों में बदमाशों ने चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम दिया है लेकिन इलाका पुलिस इस बारे में कोई कार्यवाही नहीं कर रही है जिससे क्षेत्रिय लोगों में आक्रोश बना हुआ है। बताते हैं कि गत 21 अगस्त को चेतन्य बिहार निवासी शिव शर्मा के यहां चोर सात हजार रूपये नगद और सोने के टाॅप्स चुराकर ले गये थे। वहीं 25 अगस्त को रामगोपाल यादव की कोठी में बदमाश घुस गय लेकिन जगार हो जाने के कारण वे वहां से भाग खड़े हुये। बताते हैं कि प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के चाचा को भी चोरों ने नहीं बख्शा। बदमाश उनकी निर्माणाधीन कोठी में घुस गये लेकिन जगार हो जाने के कारण वे वहां से भाग खड़े हुये। वहीं इसी दिन क्षेत्र में रहने वाले देवा शीश के घर से भी चोर सामान चुराकर ले गये थे। वहीं क्षेत्र में रहने वाले पंकज यादव के घर में चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया।





