बेटे की हत्या के बाद पिता द्वारा आग लगाकर आत्महत्या के बाद दोषियों की गिरफ्तारी की मांग करते ग्रामीण व परिजन।
बेटे की हत्या के बाद दुखी बाप ने लगाई आग, मौत
पुलिस नहीं सुन रही थी गरीब परिवार की गुहार
पीडि़त के साथ ग्रामीणों ने घेरा राया थाना
एसएसपी आवास पर भी दी दस्तक
मथुरा। गत 15 मई को वृन्दावन के पानीगांव मार्ग पर बैट से पीटकर नगला दखिनी राया निवासी 22 वर्षीय युवक लक्ष्मण पुत्र प्रेमपाल की हमलावरों ने हत्या कर दी थी, तब से अभी तक दबंग अपराधी परिवार के लोगों को धमकाते चले आ रहे थे। अपराधियों द्वारा राजीनामे के लिये दबाव बनाया जा रहा था। इससे परिवार के लोग पेरशान थे। दबंगों के रवैये से तंग मृतक लड़के के पिता ने बीतीरात आग लगाकर अपनी जान दे दी।
इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गयी। इस गरीब पीडि़त परिवार की किसी ने नहीं सुनी। मजबूरन बेटे के बाद बाप प्रेमपाल ने भी मौत को गले लगा लिया। आज शुक्रवार इस घटना से नाराज क्षेत्र के ग्रामीणों ने राया थाने का जमकर घेराव किया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। ग्राम नगला दखिनी के ग्रामीणों ने आज थाने के सामने जाम लगा दिया। जाम लगा रहे ग्रामीणों को समझा बुझा कर जाम खुलवा दिया गया। आक्रोशित परिवार की महिलाओं ने जाम लगा दिया। मामला वृंदावन में दर्ज होने की बात कह पुलिस ने समझा बुझा कर जाम खुलवा दिया। इसके बाद न्याय पाने के लिये पीडि़त परिवार की महिला, पुरूष और ग्रामीण आज शुक्रवार एसएसपी आवास पर आकर सड़क पर बैठ गये और न्याय की गुहार लगायी। दबंगों के अत्याचार के बारे में पूरी कहानी सुनाई। वहीं दूसरी ओर गांव में चर्चा थी कि राजीनामा न होने पर दबंग लोगों ने ही प्रेमपाल की हत्या कर दी। इस बात से पूरा परिवार तबाह हो गया है।





