मथुरा । दीपावली से देवोत्थानी एकादशी तक विभिन्न पर्वों पर जनपद में समुचित व्यवस्थायें होंगी। नगर के घनी आबादी क्षेत्र में आतिशबाजी दुकान लगाने पर प्रतिबंद रहेगा। इसके लिए चिन्हिंत 6 स्थलों पर प्रशासन द्वारा पानी, प्रकाश एवं फायर ब्रिगेड वाहनों की व्यवस्था सहित लाइसेंस प्रक्रिया समय पूर्व की जायेगी।
जिलाधिकारी नितिन बंसल ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में तैयारियों की समीक्षा करते हुए निकाय अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे सफाई, रोशनी, मार्ग, वैरीकैटिंग एवं अन्य सभी अपेक्षित कार्य समय पूर्व पूर्ण कर बेहतर जन सुविधायें सुलभ करायें।
उन्होंने 22 अक्टूबर अघोर अष्टमी को रात्रि 12 बजे राधाकुंड में स्नान, 30 अक्टूबर दीपावली के दिन मानसी गंगा पर विशेष दीपदान, 31 अक्टूबर गोवर्धन पूजा पर अन्य मंदिरों के अलावा मथुरा के द्वारिकाधीश मंदिर में विशेष आयोजन, 1 नवम्बर भैयादूज के दिन नगर के विश्राम घाट पर भोर 4 बजे यमुना आरती के पश्चात स्नान, अक्षय नौमी एवं देवोत्थानी एकादशी पर 9 व 11 नवम्बर को मथुरा एवं वृन्दावन की परिक्रमा सहित 10 नवम्बर कंस बध मेला के दौरान सभी सुदृढ व्यवस्थायें करने के विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये।
डीएम ने स्नान वाले स्थलों पर अपेक्षित वैरीकेटिंग, लाइट, गोताखोर,नाव, वस्त्र बदलने सहित परिक्रमा व परिक्रमा-मेला वाले स्थलों पर आवारा पशुओं को रोकने सहित ट्रैफिक आदि सभी प्रबंध सुनिश्चित करने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये। उन्होंनेएमवीडीए को गोवर्धन में हाईमास ठीक कराने के अलावा नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी को अन्य सभी अपेक्षित स्थलों पर सफाई, प्रकाश व अन्य सभी सुदृढ अपेक्षित व्यवस्थायें करने के कडे निर्देश दिये।
उन्होंने मथुरा पालिका अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिये कि वे छत्ता बाजार के खराब मार्ग को तत्काल ठीक कराने के अलावा यमुनाघाटों से मिटटी हटवाने का कार्य तत्काल प्रांरभ करें और सिंचाई विभाग के अभियंता यमुना में एक सप्ताह पूर्व पानी छुडवाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। इसी के साथ विद्युत विभाग के अभियंता इन महत्वपूर्ण पर्वों पर अबाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करायें। उन्होंने कहा कि यदि कंही रोस्टिंग हो तो उसकी पूर्व सूचना दें ताकि अन्य अपेक्षित व्यवस्थायें करायी जा सकें।
माथुर चतुर्वेदी परिषद के संरक्षक गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी, उ0प्र0 व्यापार संगठन के अध्यक्ष रमेश बिंदल आदि ने पर्वों पर अपेक्षित व्यवस्थाओं के संबंध में विचार रखे। पालिका अध्यक्ष मनीषा गुप्ता ने पालिका की ओर से की जाने वाली व्यवस्थाओं की जानकारी दी। अपर जिलाधिकारी प्रशासन अजय कुमार अवस्थी ने आयोजनों का विवरण प्रस्तुत किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार, मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार वर्मा, सभी अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, पुलिस के अपर पुलिस अधीक्षकध्क्षेत्राधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट अन्य विभागीय अधिकारीगण आदि बैठक में उपस्थित रहे।





