मथुरा। थाना व कस्बा बरसाना क्षेत्र में बीतीरात अज्ञात चोरों ने एक दुकान का शटर तोड़कर लाखों रूपये का माल चोरी कर लिया। घटना की जानकारी सुबह तब हुयी जब पास के लोगों ने दुकानदारों को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुकान का निरीक्षण कर दुकानदार से तहरीर ले ली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार बीतीरात बरसाना कस्बा स्थित बरेली भवन मार्केट में चोर ने फोटोग्राफर की दुकान का शटर तोड़कर लाखों रूपये का सामान चोरी कर लिया। स्टूडियो संचालक धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि रात आठ बजे वह दुकान बंदकर घर चला गया। सुबह पड़ोसी दुकानदार ने फोन कर बताया कि दुकान पर ताला नहीं है शटर टूटा हुआ है। दुकान पहुंचे तो ताला टूटा हुआ था। दुकान से स्टील कैमरा, वीडियो कैमरा, कंप्यूटर, दो प्रिंटर, लेमिनेशन मशीन, इन्वर्टर, बैटरी व गल्ले से 15 हजार रूपये गायब थे। घटना को लेकर पुलिस को जानकारी दे दी गयी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुकानदार से तहरीर ले मामले की जांच में जुट गई है।





