आज अलविदा जुमे की नमाज पर चैक बाजार स्थित शाही जामा मस्जिद में नमाज अदा करते मुस्लिम भाई।
अलविदा जुमा की नमाज संपन्न
मथुरा। आज शाही मस्जिद चैक बाजार में अलविदा जुमा के मौके पर मुस्लिम भाई नमाज के लिए इकट्ठे हुए। वतन में अमन चैन और शांति सदभाव की कामना के साथ आज मुस्लिम समाज के लोगों ने अलविदा जुमा की नमाज में अल्लाह से यही दुआ मांगी। इस मौके पर चैक बाजार स्थित मस्जिद पर विशेष इंतजाम किये गये थे। आज दोपहर बारह बजे से ही मुस्लिम समाज के लोगों का चैक बाजार स्थित जामा मस्जिद पर पंहुचना शुरू हो गया था। सिर पर जालीदार टोपी लगाये नन्हे मुन्हे बच्चे भी इस नमाज में मौजूद मिले। नमाजियों में आज की नमाज के प्रति बेहद उत्साह था। जिला अधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पूरे चैक बाजार क्षेत्र में चाक चैबन्द व्यवसथाएं की गयीं। किसी भी वाहन को आने-जाने नहीं दिया जा रहा था, जबकि पिछले दो दिनों से चैक बाजार स्थित मस्जिद पर सफाई अभियान और आसपास के क्षेत्रों में छोटे-मोटे पेचकारे भी कराये गये ताकि नमाजियों को कोई परेशानी न हो। सफाई के विशेष इंतजाम नगर पालिका द्वारा किये गये थे। काफी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने आज अलविदा जुमा की नमाज अदा कर अल्लाह से देश में अमन-चैन, शांति- सदभाव की कामना की। इस अवसर पर कांग्रेस के नगर अध्यक्ष आबिद हुसैन, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी केपी सिंह, एसपी सिटी, सीओ सिटी, पुलिस बल मौजूद रहा। नगर मजिस्ट्रेट व्यवस्थाएं दुरूस्त करने के लिए तैनात थे।





