मथुरा : शहर कोतवाली की कृष्णानगर चौकी क्षेत्र निवासी राज सिंह की पत्नी शनिवार को घर पर अकेली थी। तभी दरवाजे पर दो युवकों ने दस्तक दी। महिला ने दरवाजा खोला तो युवकों ने महिला को अपनी मीठी-मीठी बातों में उलझाकर कहा कि आप हमें जेवरात लाकर दो, हम पूजा-अनुष्ठान करके उन्हें बढा देंगे। युवकों की बातें सुनकर महिला को लालच जाग उठा और उसने बिना सोचे समझे अलमारी में रखे जेवरात लाकर युवकों के सुपुर्द कर दिए। तभी दोनों में से एक युवक ने पूजा पाठ शुरू किया और महिला से पानी मंगाया। महिला जैसे ही अंदर गई और पानी लेकर बाहर आयी तो दोनों युवक जेवरात लेकर गायब थे। यह देख महिला के पैरों तले जमीन खिसक गई और उसने फोन पर पति और बेटे को इस संबंध में जानकारी दी। परिजनों व मौहल्ले वालों ने काफी तलाशा लेकिन इनका कोई पता नहीं चला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी युवकों की तलाश की लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इस संबंध में महिला के बेटे कमल खत्री ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।





