पत्नी की हत्या का आरोप लगाए जाने से था व्यथित
मथुरा। पत्नी की मौत के लिए खुद को जिम्मेदार ठहराए जाने से व्यथित एक व्यक्ति ने अपने दो बच्चों के साथ ट्रेन के आगे छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक आगरा के सदर थाना क्षेत्र के चोर नगरिया निवासी 32 वर्षीय हेमंत ने रेनू के साथ लव मैरिज की थी। बताया जाता है कि शादी के बाद हेमंत पत्नी को लेकर मथुरा आकर थाना हाइवे क्षेत्र की अमर कालौनी में रहने लगा। रेनू ने एक पुत्र गोकुलेश और एक पुत्री पायल को जन्म दिया। सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था लेकिन करीब 5 माह पूर्व रेनू की संदिग्घ परिस्थिति में मौत हो गई। रेनू की हत्या का आरोप उसके पति हेमंत पर लगाया जा रहा था और पुलिस भी बार-बार उसे टार्चर कर रही थी। बताया गया है कि पत्नी की हत्या का आरोप लगने के बाद से हेमंत बेहद परेशान था। पानी के प्लांट पर काम क्लर्क की नौकरी कर अपने बच्चों का भरण-पोषण कर रहा था। पत्नी की मौत के बाद हेमंत अमर कालौनी छोड़ तुलसी नगर में रहने लगा। सोमवार को हेमंत ने आत्मघाती कदम उठा लिया और अपने 5 साल के बेटे गोकुलेश और ढाई साल की बेटी पायल को साथ लेकर हाइवे पर बाजना पुल के समीप पहुॅचा और ट्रेन आते देख रेलवे लाइन पर कूद कर आत्महत्या कर ली। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुॅची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शिनाख्त करा मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी और शव पोस्टमार्टमगृह पर भेज दिए। पुलिस के अनुसार मृतकों के पास सुसाइड नोट बरामद हुआ। डीएम मथुरा और डीएम आगरा के नाम लिखे सुसाइड नोट में इसमें पत्नी की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराए जाने का हवाला देते हुए आत्महत्या की बात कही गई है। सुसाइड नोट पर कुछ नाम और नंबर भी दिए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





