मथुरा। उच्च न्यायालय इलाहाबाद द्वारा सेवा समाप्ति के आदेश के बाद धरनारत शिक्षा मित्रों में से एक महिला शिक्षामित्र सहायक अध्यापक की तबियत बिगड़ने पर उसे जिला चिकित्सालय में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सेवा समाप्ति के आदेश के बाद धरना प्रदर्शन कर रहे शिक्षामित्रों ने बीतीरात शहर में कैण्डल मार्च निकाल अपने शहीद साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। आज प्रातः से ही शिक्षामित्र जिलाधिकारी कार्यालय पर धरने पर बैठ गए। धरने के दौरान थाना व कस्बा राया निवासी श्रीमती रेखारानी पत्नी जितेन्द्र सिंह जो प्राथमिक विद्यालय नगला बुर्ज सरूपा में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात थी, की तबियत अचानक बिगड़ गई। बेहोशी की हालत में मौजूद शिक्षामित्रों में से कुछ लोग उसे तुरंत जिला अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे उपचार के लिए भर्ती कर लिया है तथा इलाज शुरू कर दिया।





