उच्च कोलेस्टॉल, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोगों का पलभर में सटीक पता लग सकेगा
मथुरा। एनएच 2 स्थित नयति मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हेल्थकेयर ने मथुरा में कदम बढ़ाते हुए सीटी एन्जियोग्राफी 8 से 10 सेकेण्ड करने की शुरूआत कर डाली है। कोरोनरी सी.टी. एन्जियोग्राफी (कोरोनरी सीटीए) कम्प्यूटेड टोमोग्राफी के द्वारा पश्चिमी उ.प्र. के लिए एक अत्याधुनिक गैर इनवेसिव इमेजिंग तकनीक है, जो कि शरीर के किसी भी हिस्से की किसी भी धमनी में हुए ब्लॉक तथा किसी भी तरह की असमान्यता आदि के बारे में बड़े सटीक तरह से कुछ ही पलों में बता सकती है। इस मशीन के हाई रेजुलेशन का होने के कारण हम रक्त की धमनियों की तीन तरफ से तस्वीर लेकर एक ही कम्प्यूटर पर देख भी सकते हैं तथा उनको किसी सी.डी. अथवा डी.वी.डी. में दे भी सकते हैं। अभी तक एन्जियोग्राफी के लिए हॉस्पिटल में दो से तीन दिन तक रुकना पड़ता था किन्तु अब मात्र 8 से 10 सेकेण्ड में होने वाली यह सी.टी. एन्जियोग्राफी ब्रज तथा आसपास के क्षेत्रों में हेल्थकेयर के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी।
इस अवसर पर नयति हॉस्पिटल की चेयरपर्सन नीरा राडिया ने कहा ब्रजवासियों तथा क्षेत्रवासियों को हेल्थकेयर के क्षेत्र में विश्व की सर्वोत्तम तकनीक पहुँचाने का जो हमने निर्णय लिया है उसी के अन्तर्गत हमने नयति हॉस्पिटल में सी.टी. एन्जियोग्राफी की शुरुआत की है। हृदय रोगों के क्षेत्र में नयति हॉस्पिटल आज उस मुकाम पर खड़ा है जहाँ बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक किसी भी उम्र के मरीज की हृदय सम्बन्धी हर प्रकार की बीमारी का इलाज सम्भव है। नयति हॉस्पिटल के रेडियोलॉजी एवं इमेजिंग विभाग के प्रमुख तथा निदेशक ब्रिगेडियर डा. अक्षय भार्गव ने कहा कि दिल और शरीर के अन्य भागों की धमनियों में रुकावट की जाँच के लिए पहले मरीज को कई दिन हॉस्पिटल में रुकना पड़ता था जिससे मरीज के उचित इलाज में भी देर होती है, किन्तु अब हेल्थकेयर के क्षेत्र में नई तकनीक (सी.टी. एन्जियोग्राफी) आने के बाद इस क्षेत्र में एक क्रान्तिकारी बदलाव आयेगा जिससे मरीज के समय के साथ पैसे की भी बचत होगी। जो लोग धूम्रपान करते हैं, उच्च कोलेस्टॉल, मधुमेह, उच्च रक्तचाप आदि से पीड़ित हैं अथवा जिन्हें हृदय रोगों का अधिक खतरा रहता है, उनकी बीमारी का सी.टी. एन्जियोग्राफी से सटीक तथा तुरन्त पता लग सकेगा जिससे उनका समय रहते उचित इलाज किया जा सकेगा। अभी तक यह सुविधा दिल्ली एन.सी.आर के साथ कुछ ही शहरों में उपलब्ध थी।





