मथुरा। थाना हाईवे के गांव अडूकी गांव के पास आज शनिवार नशे में धुत दो युवकों की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। दोनों शराब पीकर रेलवे ट्रैक पर सो रहे थे। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 वर्षीय नरेश पुत्र सुन्दरलाल निवासी अडूकी और 20 वर्षीय राहुल पुत्र कालीचरन निवासी बिजीर राया, हाल निवासी चंदनवन झुग्गी झौंपड़ी शुक्रवार देररात किसी देवी जागरण से लौटकर आ रहे थे, दोनों ने शराब पी रखी थी। बताते हैं कि इसी दौरान अछनेरा-मथुरा रेलवे ट्रैक पर अडूकी भवनपुर जूनियर हाईस्कूल के निकट दोनों की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गयी। शनिवार सुबह जब स्थानीय ग्रामीण शौच को जा रहे थे, तब उन्हें घटना के बारे में पता लगा। लोगों की भीड़ लग गई। ग्राम प्रधान ओमप्रकाश ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस के अनुसार तो दोनों नशे में थे और रेल पटरी पर ही रात्रि में बैठे थे तभी नशे में होने के कारण ट्रेन की आवाज नहीं सुन पाये। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।





