सपा जिलाध्यक्ष ने एडीएम प्रशासन को ज्ञापन देकर कराया अवगत
31 अक्टूबर को रिटायरमेंट के कारण दोनों हाथ से हो रही है लूट
मथुरा। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष पं. तुलसीराम शर्मा ने कहा कि सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता टैंडर प्रक्रिया को बाधित कर अपने चहेतों को नियमविरूद्ध ठेके दे रहे हैं। 31 अक्टूबर को एक्सईएन राजकमल गुप्ता का रिटायरमेंट होना है। इसीलिये वे दोनों हाथों से लूट मचाये हुये हैं। प्रदेश सरकार को करोड़ांे का नुकसान पहुंचाया जा रहा है। घर बैठे लोगों को टैण्डर गुपचुप ढंग से दे रहे हैं और मोटा धन वसूल कर रहे हैं।
आज इस संबंध में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष तुलसीराम शर्मा ने एडीएम प्रशासन से मुलाकात की और सिंचाई विभाग में एक्सईएन द्वारा की जा रही गड़बड़ी के बारे में अवगत कराया और एक ज्ञापन भी सौंपा। उन्होंने बताया कि टैण्डर प्रक्रिया गलत ढंग से संचालित हो रही है। कोई पेटी टैण्डर डालने के लिये नहीं रखी गयी। अपने चहेतों को पैसे के बल पर टैण्डर दिये जा रहे हैं। अवगत कराया कि टैण्डर प्रक्रिया 15 अक्टूबर तक समाप्त हो जानी चाहिये थी लेकिन आज 26 अक्टूबर हो जाने के बाद भी सब कुछ उल्टा सीधा काम पैसे के बल पर चलाया जा रहा है। एडीएम ने उन्हें आश्वस्त किया कि कार्य में पारदर्शिता लायी जायेगी और अधिकारी से इस संदर्भ में बातचीत भी होगी। जिलाध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में आगरा मण्डल के आयुक्त से भी बात कर उन्हें वस्तुस्थिति से अवगत करा दिया है। सिंचाई विभाग में हो रहीं इन अनियमितताओं से किसानों की सिंचाई तो प्रभावित होगी ही साथ ही नियमविरूद्ध टैण्डरांे से सरकार को भारी नुकसान पंहुचेगा। जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में जिला सचिव थान सिंह, पूरन चंद उपाध्याय, अमित ठाकुर, गुडडू लोहिया सहित काफी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।





