मथुरा। नगर मजिस्ट्रेट रामअरज यादव की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट के सभागार में पर्यटन की एक बैठक का आयोजन किया गया जिसमें जनपद के पर्यटन स्थलों के संरक्षण, संवर्धन तथा मथुरा को विश्व पटल पर स्थापित करने के लिए जिला पर्यटन प्रोत्साहन परिषद के गठन पर विचार किया गया।
नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि इस परिषद के गठन का मुख्य उददेश्य जनपद में पर्यटन योजनाओं के क्रियान्वयन, जनपद के विभिन्न आर्कषकों-नैसर्गिक, ऐतिहासिक तथा सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण तथा संवर्धन प्रमुख पर्यटन स्थलों पर जुडे़ व्यक्तियों तथा स्थानीय समुदाय के आर्थिक विकास, प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रोजगार के साधनों का सृजन और सांस्कृतिक धरोहरों एवं परम्पराओं को अक्षुण बनाये रखना है। उन्होंने बताया कि सामान्य जन समुदाय स्थानीय क्षेत्र के अन्य विभिन्न विशेषज्ञों को पर्यटन विकास कार्यक्रमों, गतिविधियों से जोड़ना, जागरूक करना एवं प्रचार व प्रोत्साहन करना तथा पर्यटन के विकास हेतु नये क्षेत्रों की पहचान करना और पर्यटन विकास में होने वाली गतिरोध/समस्याओं का चिन्हीकरण करते हुए उनका समाधान करना होगा। साथ ही बताया कि पर्यटन विभाग आम नागरिकों से भी इस सम्बन्ध में सुझाव प्राप्त करेगा।
सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि जनपद को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला पर्यटन प्रोत्साहन परिषद के गठन का शासन द्वारा निर्णय किया गया है जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, सम्भागीय वनाधिकारी/प्रदूषण अधिकारी, नगर आयुक्त, सहायक क्षेत्रीय प्रबन्धक रोड़वेज, जिला सूचना अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, क्षेत्रीय सांस्कृतिक अधिकारी/पुरातत्व अधिकारी, कोषाधिकारी सदस्य तथा पर्यटन अधिकारी अधिकारी सचिव होंगे। सांसद, विधायक, महापौर, अध्यक्ष नगर निकाय, अध्यक्ष जिला पंचायत विशेष आमंत्री होंगे। उन्होंने बताया कि पर्यटन से जुड़े व्यक्ति/संस्थाओं के सदस्य जिलाधिकारी द्वारा नामित किये जायेंगे। यह होटल एण्ड रेस्टोरेन्ट के अध्यक्ष, व्यापार मण्डलों के अध्यक्ष, इण्डियन एसोसिएशन ऑफ टूअर आपरेटर्स का प्रतिनिधि, ट्रैवेल एजेण्ट्स एसोसिएशन ऑफ इण्डिया का प्रतिनिधि, सूचना एवं प्रौद्योगिकी उद्योग, साहित्य जगत(इतिहास, पर्यटन, कला, संरक्षण एवं संस्कृति विषय को वरीयता), इलेक्ट्रोनिक एवं प्रिन्ट मीडिया, इन्टैक के प्रतिनिधि/संरक्षण से जुड़ी संस्था के प्रतिनिधि, गाइड एसोसिएशन का प्रतिनिधि, स्थानीय स्तर पर युवा संगठन का प्रतिनिधि तथा महापौर/नगर अध्यक्ष द्वारा नामित निगम के ऐसे 3 पार्षदों जो पर्यटल स्थलों के वार्ड से हों तथा समाज के सभी वर्गों के प्रतिनिधि करते हों, सदस्य होंगे। बैठक में उप जिलाधिकारी सदर राजेश कुमार, प्राधिकरण के मुख्य अभियंता, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता, नगर पालिका सहित अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारी, पर्यटन अधिकारी तथा सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक संगठनों एवं होटल एसोसिएशन व व्यापार मण्डल के प्रतिनिधि आदि उपस्थित थे।






Related Items
जब मोहब्बत ही बन जाए मौत की मुख्य वजह...!
दहेज हत्या निजी त्रासदी नहीं, खुला सामाजिक जुर्म है...
यमुना नदी क्रूज पर्यटन स्थानीय लोगों को बनाएगा सशक्त