मथुरा। शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत झींगुरपुरा में एक 38 वर्षीय युवक की अत्याधिक पिटाई से मौत हो गयी। बताया गया कि मृतक को डैम्पियर नगर क्षेत्र स्थित एक प्रमुख व्यापारी के यहां नौकरी करने वाले युवकों ने बुरी तरह पीटा था। एक रोज पूर्व इन लोगों ने उसकी जबरदस्त पिटाई की थी जिससे उससे शरीर में काफी चोट थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पिटाई से क्षुब्ध मृतक डैम्पियर में कल फिर उन लोगों के पास पंहुचा। बताते हैं कि इनके द्वारा फिर उसकी पिटाई की गयी और हालत चिंताजनक देखते हुये उसे एलपी नागर रोड स्थित उसके मकान के पास छोड़कर चले गये। युवक शराब के नशे में था। रात्रि को वह वहीं सो गया।
सुबह जब लोगों ने देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि मृतक 38 वर्षीय धर्म सिंह उर्फ पप्पू पुत्र मेघश्याम निवासी झींगपुर पुरा गरीब व्यक्ति था और मजदूरी करके अपना भरण पोषण करता था। उसकी मौत से पूरे क्षेत्र में लोगों में नाराजगी देखी गयी। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस भी पंहुच गयी।





