दहेज में पांच लाख रूपये की कर रहे थे मांग
मथुरा । थाना हाईवे क्षेत्र अंतर्गत दहेज न देने पर एक विवाहिता की ससुरालीजनों ने मारपीट कर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार औरंगाबाद के रहने वाले मुहम्मद अली उर्फ पप्पू की बेटी परवीर 22 वर्ष की शादी तीन वर्ष पूर्व हाईवे के नगला शिवजी में रहने वाले मकसूद पुत्र खुर्शीद से हुयी थी। शादी के बाद से ही ससुरालीजन विवाहिता से पांच लाख रूपये के दहेज की मांग कर रहे थे और न देने पर आये दिन उसके साथ मारपीट करते थे। पिछले छह माह से विवाहिता अपने पिता के घर पर ही रह रही थी। कल शाम विवाहिता का पति मसूद और उसका भाई इमरान औरंगाबाद स्थित विवाहिता के घर पंहुचे। घर पर उस समय कोई मौजूद नहीं था। ये लोग विवाहिता को शिवजी का नगला ले आये। बताते हैं कि यहंा लाकर ससुरालीजनों ने उसके साथ मारपीट की जिससे काफी चोटें आने के कारण परवीर की मौत हो गयी। लड़की के पिता का कहना था कि यह लोग आये दिन उसके साथ मारपीट करते थे, इसी वजह से हमने अपनी लड़की को घर पर ही रख रखा था। विवाहिता के सिर और पैरों में चोट के निशान हैं। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा है।





