मथुरा। थाना व कस्बा गोवर्धन क्षेत्र के गांव पलसो में बीती रात साढे ग्यारह बजे घर में सो रही एक महिला की हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से गांव में सनसनी है और तरह-तरह की चर्चायें भी हैं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार साठ वर्षीय शांति पत्नी केशव निवासी पलसौं घर में सो रही थी। बीती रात करीब साढे ग्यारह बजे बदमाशों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। परिवार के लोगों का कहना है कि पुरानी रंजिश के तहत घटना को अंजाम दिया गया है। इस संबंध में मृतक के पुत्र ने गोवर्धन थाने में मेघश्याम पुत्र राधारमन, भूदेव पुत्र हरीकिशन, मुखिया उर्फ रामदयाल पुत्र बेनी, श्याम सुन्दर पुत्र राधारमन, महावीर पुत्र वृषभान निवासीगण पलसौं के खिलाफ तहरीर दी है। बताते हैं कि महिला के पेट में गोली मारी गयी है जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। घटना को लेकर पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है। बताते हैं कि जमीनी रंजिश के चलते चार-छह माह पूर्व भी गांव में हत्या हुयी थी।
