सर्विलांस टीम ने प्रेमी संग गायिका को किया टूण्डला से बरामद
मृत लाश को तलाशने में जुटी हाईवे पुलिस
मथुरा। थाना हाईवे में दर्ज एक वर्ष पूर्व पुरानी गुमशुदगी का राज सर्विलांस टीम की मेहनत से खुलने की ओर है। जांच के दौरान हाईवे पुलिस को राजस्थान के भरतपुर क्षेत्र के हलैना से भी सूत्र मिले तो पूरे घटनाक्रम की परतें खुलने लगीं। सर्विलांस टीम प्रभारी ने हाईवे पुलिस के साथ इस गुमशुदगी की घटना में गायब युवक के साथ गायब हुयी गायिका को उसके नये प्रेमी के साथ टूण्डता फिरोजाबाद से बरामद कर लिया है। बताते चलें कि मूल रूप से नौहझील का रहने वाला आर्केस्ट्रा पार्टी का भजन गायक मुकेश पुत्र कन्हैयालाल इसी भजन पार्टी में गायिका रही ममता तूफानी पुत्री अनिल निवासी कोसीकलां से प्रेम विवाह कर जीवन व्यतीत कर रहा था। वे दोनों थाना हाईवे क्षेत्र की महेन्द्र नगर कालोनी में किराये पर रह रहे थे। इसी बीच वे दोनों अचानक वहां से गायब हो गये। उनके साथ उनका बच्चा चार वर्षीय कान्हा भी था। घटना के सम्बन्ध में हाईवे में युवक मुकेश के भाई ने गुमशुदगी दर्ज कराई जिसमें पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पंहुच सकी और पुलिस को बिना किसी सबूतों के एक चुनौती का भी सामना करना पड़ रहा था। इसी बीच हाईवे के तत्कालीन प्रभारी रहे सुरेन्द्र यादव का तबादला हो गया। उनके स्थान पर एसओ सुबोध यादव तैनात हो गये। गायब युवक के परिजनों ने मामले को गंभीरता से लेते हुये सुबोध यादव से युवक मुकेश की हत्या की आशंका जाहिर करते हुये जांच की अपील की जिस पर पिछले 15 दिनों से कार्यवाही शुरू हुयी तो एसओ सुबोध यादव मामले की तह तक जाने के लिये भरतपुर के हलैना से उस व्यक्ति को उठा लाये जिसने गुमशुदा युवक मुकेश का मोबाइल फोन इस्तेमाल किया था। बस यहीं से घटना की परतें खुलना शुरू हो गया और टूण्डला से भजन पार्टी की गायिका ममता तूफानी व उसके नये प्रेमी पंकज बंसल पुत्र गोविन्द निवासी हलैना राजस्थान को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि पुलिस ने अभी लापता युवक मुकेश की बाॅडी बरामद नहीं की है। फिर भी ममता तूफानी की मानें तो उसके पूर्व प्रेमी पति मुकेश को पंकज बंसल व एक अन्य ने जहर देकर मार डाला था और शव को कहीं छिपा दिया था। अब पुलिस इसके बताये स्थानों पर पुलिस थानों में बरामद लावारिस शवों के बारे मंे जानकारी जुटाने में लगी है जिसका खुलासा एक प्रेम कहानी के अंत के रूप में सामने आयेगा।
डरा धमका कर रख रहे थे युवती को
हाईवे थाने में मौजूद महिला गायिका ममता तूफानी ने बताया कि उसके पति की हत्या के बाद उसका कथित प्रेमी पंकज बंसल उसे डरा, धमका कर टूण्डला में किराये पर लेकर रह रहा था। उसने कई बार अपने पति की हत्या की जानकारी होने के बाद इस बात का खुलासा करने का मन बनाया लेकिन इन लोगों ने डरा, धमका कर उसे किसी को बात न बताने को कहा।





