कस्बे के बाजार रहे बंद
विधायक ने मृतक के परिजनों को बंधाया ढांढस
मथुरा। राया-मथुरा रोड स्थित गौसना के निकट बीतीरात दर्दनाक हादसे में दो लोगो की मौत हो गई। एक बाइक पर तीन युवक सवार होकर लौट रहे थे कि आगे चल रहे ट्रक में बाइक जा घुसी। परिणाम स्वरूप दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि एक युवक ने आज आगरा के अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक तीनों युवक अपने 12 अन्य दोस्तों के साथ बर्थ-डे पार्टी सेलीब्रेट कर वापस कस्बा राया जा रहे थ्ेा। तीन दोस्तों की मौत के बाद आज राया के बाजार भी बंद रहे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बा राया के रेतिया बाजार निवासी गौरव पुत्र दिनेश का गत दिवस जन्मदिवस था, गौरव ने अपने दोस्तों के साथ यह दिन अपने दोस्तों के साथ मनाने का निर्णय लिया। गौरव मंगलवार अपने 14 अन्य साथियों के साथ जमुनापार क्षेत्र में बने नीलकंठ ढाबा आए, यहां सभी ने खाना-पीना खाया और रात्रि में वापस चले गए। बताते है कि यह युवक केवल पांच बाइकों पर सवार थे। जैसे ही यह सभी बाइक सवार थाना जमुनापार क्षेत्र अंतर्गत मथुरा-राया रोड स्थित प्रियंका होटल गौसना के निकट पहुंचे तभी एक बाइक असंतुलित हो गई और वह सीधे आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। इस बाइक पर तीन युवक सवार थे, हादसे के बाद साथ चल रहे युवक उनके पास आए और देखा तो राजा पुत्र शकील निवासी रेतिया बाजार राया व गौरव पुत्र राजू निवासी राइन गली की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि कन्हैया पुत्र अटल बिहारी गंभीर रूप से घायल हो गया। अन्य दोस्तों ने इस हृदयाविरादक घटना की सूचना मृतक दोस्तों के परिजनों को दी। इसी बीच सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल कन्हैया को उपचार के लिए आगरा भिजवा दिया। जबकि शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार सुबह गंभीर घायल हुए कन्हैया ने आगरा में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सड़क हादसे में हुई युवकों की मौत से कस्बे में सन्नाटा छा गया। इसी को लेकर आज राया कस्बे के बाजार भी बंद रहे। हादसे की सूचना पाकर स्थानीय विधायक पूरन प्रकाश ने मृतकों के परिजनों को सांत्वना देने मौके पर पहुंचे।





