मथुरा। राजकीय मुडिया पूनो मेला शुरू होने जा रहा है। बल्देव में अभी तक प्रशासन द्वारा कोई व्यवस्था नहीं की गई है जिसके कारण श्रद्धालु भक्तों को पग-पग पर अव्यवस्थाओं से रूबरू होना पड़ेगा। गिर्राज धाम गोवर्धन से दर्शन परिक्रमा कर श्रद्धालु ब्रज के राजा दाऊजी महाराज व माता रेवती के दर्शन करने बल्देव पहुंचते हैं, लेकिन अभी तक बल्देव में कहीं भी प्रशासनिक व्यवस्थाएं नहीं दिख पड़ रही हैं। सफाई व्यवस्था भी कस्बा में सुस्त पड़ी हुई है, प्रथम बारिश में ही नगर पंचायत के सफाई व जल निकासी के दावों की पोल खुल गई है। कस्बा के अंदरूनी क्षेत्रों तक कई-कई फुट पानी भर गया था। अब आगामी दिनों में जब बारिश व आस्था चरम पर होगी तो क्या होगा, इसका सहज ही अंदाजा लग सकता है। इसके अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था भी कस्बा में नाकाफी है। संपर्क मार्गों को छोड़कर शेष स्थानों पर प्रकाश की समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे यह इलाके अंधकार में डूब जाते हैं। विद्युत कटौती व अंधकार मय इन क्षेत्रों का भरपूर फायदा असामाजिक तत्व उठाते हैं। विद्युत कटौती से इन दिनों पूरा कस्बा जूझ रहा है, दिन अथवा रात, बिजली के जाने-आने का कोई समय निर्धारित नहीं है। अगर यही हाल मुडिया पूनो पर्व पर रहा तो बाहरी दर्शनार्थी गर्मी व विद्युत कटौती से अकुला उठेंगे। पर्व पर बेहद जरूरी मानी जाने वाली यातायात व्यवस्था भी यहां संतोषजनक नहीं है। परिवहन के नाम पर यहां डग्गामार वाहनों का बोलवाला है, इस ओर ना तो प्रशासनिक अधिकारी ध्यान दे रहे हैं और ना ही रोडवेज अधिकारी। जिस वजह से डग्गामार वाहन चालकों की बनकर आ गई है। इस संदर्भ में कई बार प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है। स्थानीय बल्देव विकास समिति के अध्यक्ष ज्ञानेन्द्र पाण्डेय व युवा समाजसेवी सुजीत वर्मा ने इस संबंध मंे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को शिकायती पत्र भेजकर कार्यवाही किए जाने की मांग की है।





