ललित शर्मा होंगे पार्टी के जिला पंचायत अध्यक्ष पद के उम्मीदवार
भाजपा सभी जीते हुये सदस्यों को सामने दिखा दें, तो हम नहीं लड़ेंगे चुनाव: श्याम
मथुरा। पूर्व मंत्री, बसपा नेता और मांट के विधायक श्याम सुन्दर शर्मा ने आज मंगलवार को पत्रकारांे के समक्ष दावा किया कि बहुजन समाज पार्टी का जिला पंचायत अध्यक्ष होगा। कुछ दल और नेता जो यह भ्रम फैला रहे हैं कि जिला पंचायत में उन्हीं की पार्टी जीतेगी और निर्विरोध चुनाव होगा, यह पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि किसी पर भी बहुमत नहीं है। दावे चाहें जो भी किये जायें। जोड़तोड़ और अपने-अपने दावे सभी कर रहे हैं। हम अंतर आत्मा की आवाज से चुनाव में आये हैं और जीतेंगे। ‘सत्यमेव जयते’ कहकर उन्होंने कहा कि सत्य की जीत होगी। आज बुधवार बसपा के जिला पंचायत अध्यक्ष पर के उम्मीदवार ललित शर्मा नामांकन का पर्चा खरीदेंगे और 1 जनवरी को नामांकन किया जायेगा। सपा नेता जगदीश नौहवार से तालमेल के सवाल पर उन्होंने कहा कि आज तक उनकी नौहवार से कोई बात नहीं हुयी है। बहुजन समाज पार्टी सबसे बड़ा दल है। दूसरे दल जोड़तोड़ के विश्वास के आधार पर दावे कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी अपने जीते हुये सभी सदस्यों को सामने दिखा दे तो हम चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने इस सवाल को बिना पार्टी का नाम लिये खारिज किया कि कभी किसी निर्दलीय को जोड़ने और दावे करने वालों की बातों में कोई दम नहीं है। सपा के साथ तालमेल के सवाल को भी उन्हांेने खारिज किया। उन्होंने अपनी जीत का आंकड़ा बताया कि बारह हमारे पास सदस्य हैं और आठ हमारी समान विचारधारा के अन्य सदस्य हैं। पत्रकार वार्ता में यह सवाल भी खड़ा हुआ कि पार्टी के एक अन्य विधायक राजकुमार यादव क्यों आपके साथ नहीं हैं? इस पर वहां मौजूद बसपा काॅर्डीनेटर दारा सिंह आजाद ने जवाब दिया कि वो किसी आवश्यक कार्य से बाहर हैं लेकिन नामांकन के दिन वो हमारे साथ होंगे। उन्होंने कहा कि हमारे पास पूरा संख्या बल है। आप हमारी बातों पर यकीन कीजिये। जिला पंचायत अध्यक्ष ललित शर्मा बनेंगे, इसका पुख्ता दावा लोकदल के विधायक और बसपा से जुड़े ठा. तेजपाल सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि साम्प्रदायिक ताकतों को हराने के लिये मैं लोकदल विधायक बसपा प्रत्याशी ललित शर्मा के समर्थन में हूँ और उनकी जीत निश्चित है।





