मथुरा। जमुनापार क्षेत्र में एक बाइक लूट हो जाने की खबर मिलने पर हरकत में आयी जमुनापार पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी की। बदमाशों ने इस दौरान अपनी पौनिया से पुलिस पर जबाबी फायरिंग कर दी। पुलिस भी बदमाशों के पीछे पड़ गयी। बताते हैं कि काजी की नगरिया होते सिहोरा तक बदमाश पंहुच गये। वहां पर घेराबंदी देख बदमाश बाइक छोड़कर भागे लेकिन पुलिस की कड़ी घेराबंदी और सिहोरा के लोगों के चारों ओर इकटठा हो जाने से बदमाशों को पुलिस ने जनता के सहयोग से पकड़ लिया। इनके पास से पुलिस को दो पौनियां मिली हैं। जमुनापार थाना पुलिस पकड़े गये दोनों शातिर बदमाशों से पूछताछ में जुटी है। इस घटना से जमुनापार से लेकर सिहोरा तक जनता में भगदड़ देखी गयी। बदमाशों के पीछे भागती पुलिस और फायरिंग की घटना से ग्रामीण अचंभे में पड़ गये। बाद में पता चला कि पुलिस बदमाशों का पीछा कर रही है। बताते हैं कि बदमाशों ने गोपालपुर गांव के पास पुलिस पर फायरिंग की थी।





