
मथुरा। जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था व ट्रस्ट द्वारा अपने दादा गुरू सन्त घूरेलाल जी की जन्म व महारप्रयाण तिथि के पर मन्दिर प्रागण में 66वाॅ वार्षिक उत्सव पर 5 दिवसीय वार्षिक मेले का आयोजन 28 नवम्बर से 2 दिसम्बर तक आयोजित किया जा रहा हैं। मेले में भंडारा, सत्संग तथा दहेज रहित विवाह आयोजित किये जायेगे। संस्था अध्यक्ष पंकज महाराज ने जयगुरुदेव आश्रम मथुरा में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में कहा कि विगत लगभग 700 वर्षों से प्रकट सन्त कबीर साहब, रविदास जी, नानक साहब, गोस्वामी जी, दरिया साहब, स्वामी शिव दयाल महाराज आदि का धरती पर अवतरण हुआ। उन्होंने अपने समय में आत्मा परमात्मा की सनातन विद्या के गूढ़ रहस्य को खोला और सुरत शब्द ‘नाम योग’ की साधना का रास्ता जारी किया। इसी श्रृंखला में पूज्यपाद स्वामी घूरेलाल जी जैसे सन्त का जिला अलीगढ़ के चिरौली गांव में अवतरण हुआ। वह बाल्यकाल से ही सन्त स्वामी गरीबदास जी महाराज के सानिध्य में पहुंच गये थे। इनकी सेवा भक्ति व प्रबल संस्कारों को देखते हुये स्वामी गरीब दास जी ने कहा था कि यह बालक गृहस्थ आश्रम में रहकर प्रभु प्राप्ति और जीवों का कल्याण करेगा। पंकज महाराज ने बताया कि दादा गुरु जी के जन्म व महाप्रयाण की एक ही तिथि हिन्दी महीना मार्गशीर्ष अगहन की शुक्ल दसमी है। उन्होंने अपना शरीर अगहन सुदी दसमी 12 दिसम्बर 1948 को छोड़ा। तब से हमारे गुरु महाराज उनका वार्षिक भण्डारा सत्संग मेला का आयोजन कराते रहे। बाबा जी के महाप्रयाण के बाद हमारी संस्था व ट्रस्ट के संयुक्त तत्वाधान में उनके वार्षिक भण्डारा सत्संग मेला का आयोजन करती है। यह परम्परागत 66 वां वार्षिक भण्डारा सत्संग मेला 28 नवम्बर से 2 दिसम्बर तक संस्था मुख्यालय आगरा दिल्ली बाई पास मथुरा में आयोजित हो रहा है। मेला प्रभारी चरन सिंह ने बताया कि 28 नवम्बर से प्रारम्भ होने वाले सत्संग मेला में लाखों श्रद्वालु भाग लेंगे। कार्यक्रम के समय नित्य प्रातः व सायं काल प्रार्थना, साधना तथा प्रातः 7.30 बजे व सायं 3.30 बजे पंकज जी, सतीश चन्द जी व डाॅ0 करुणाकान्त जी का सत्संग होगा। इस अवसर पर सत्संग गोष्ठियाँ, दहेज रहित विवाह रात्रि 8.30 बजे होगी। उनकी आवासीय व्यवस्थायें स्थापित करने का कार्य अन्तिम चरण में है। आवासीय सुविधा के लिए मेला परिसर को 33 सेक्टरों में बाँटकर बिजली, पानी, शौचालय आदि का प्रबन्ध किया गया है। कुल 35 विभाग स्थापित किये गये है। पंकज जी के संचालन में 39 सदस्यीय आयोजन समिति कार्यरत है। वार्ता के समय मनुभाई डी0 पटेल उपाध्यक्ष, डा0 करुणाकान्त मिश्रा कोषाध्यक्ष व उपदेशक, सुनील यादव, विजय प्रकाश श्रीवास्तव, आनन्द बहादुर सक्सेना, बुधराम यादव, पीसी काले प्रबन्ध समिति के सदस्य, पीसी यादव, डीडी गुल्ला आदि उपस्थित थे।






Related Items
सबकी चेहती अक्षरा जल्द देंगी GOOD NEWS