विधिक सेवा प्राधिकरण की सेमीनार में मंच पर उपस्थित जिला जज दिनेश कुमार सिंह एवं बीएसए के प्राचार्य
विधि छात्र स्थापित करें पैरा लीगल क्लीनिकः जिला जज
मथुरा। बीएसए कालेज के विधि विभाग एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में महाविद्यालय के श्यामाचरण सभागार में विधिक सेमीनार का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार सिंह ने छात्रों व समाज के सभी वर्गों का आह्वान किया कि वे आगे आएं और न्याय से वंचित लोगों की पहचान में मदद करे, जिससे उन्हे समय पर न्याय दिलाया जा सके। मुख्य वक्ता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पवन कुमार श्रीवास्तव ने विषय पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वर्ष1987 से न्यायालयों में जनहित याचिकाएं स्वीकार होने लगीं। फिर भी अनेक लोग न्याय से वंचित रहे। इसे देखते हुए वैकल्पिक समाधान न्याय प्रणाली लागू की गयी, जिसके तहत विधिक सेवा प्राधिकरण, परिवार परामर्श केंद्र व लोक अदालतें कार्य कर रही हैं। अब पैरा लीगत वोलिन्टयर सिस्टम लागू किया जा रहा है। उन्होंने विधि के छात्रों से कहा कि वे इस तरह के कार्यक्रमोें में सहभागिता कर वंचितों को सस्ता व सुलभ न्याय दिलाने में अपनी भूमिका का निर्वहन करें। विधि विभाग के प्रवक्ता डा. ब्रज गोपाल शर्मा ने विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित की जा रही विभन्न कार्यक्रमों के विषय क्षेत्रों के संदर्भ में बताया। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण इन विषयों पर विधि छात्र व छात्राओं से क्रियात्मक सहयोग लेगा तथा निबंध प्रतियोिगिता आयोजित करेगा। श्रेष्ठ निबंध प्रतियोगी को पुरस्कृत भी करेगा। विधि विभागाध्यक्ष डा. एस के राय ने बताया कि सभी को समय व सुलभ तरीके से न्याय मिल सके व न्याय के रास्ते में आने वाली पेचीदिगयों व आर्थिक संकटों से निजात मिल सके, यही विधिक सेवा प्राधिकरण व इस सेमीनार का ध्येय है। महाविद्यालय प्रबंध समिति के सचिव विनोद गर्ग ने बताया कि महाविद्यालय के दो मूलमंत्र पढाई व सफाई है।विधि के छात्र-छात्राओं के लिए आरओ वाटर, तथा जेनरेटर की व्यवस्था की जाएगी।अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य डा. अशोक अग्रवाल ने अतिथिओं का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम के अंत में बीएसए कालेज के सचिव विनोद गर्ग ने जिला जज व प्राधिकरण सचिव को स्मृति चिह्न भेंट किए। सेमीनार का संचालन डा. ब्रज गोपाल शर्मा ने किया। सेमीनार में मुख्य रूप से विधि विभाग के सभी प्रवक्ता व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
पुलिस काॅलोनी में चले लाठी-डण्डे
मथुरा। पुलिसकर्मियों के आवासीय क्षेत्र गणेशरा स्थित रिहायशी क्षेत्र में उस समय अफरा तफरी मच गयी जब दो पुलिसकर्मी कपड़े सुखाने की रस्सी तोड़ने को लेकर एक दूसरे को मारने पर आमादा हो गये। दोनों सिपाहियों में लाठी डण्डे के साथ ईंट पत्थर फेंकने का सिलसिला शुरू हो गया। जानकारी के अनुसार स्थानीय आवासीय ब्लाॅक में सत्यप्रकाश सिपाही व योगेन्द्र सिपाही दोनों पास-पास बने आवासों में रहते हैं। योगेन्द्र की पत्नी द्वारा तार बांधकर कपड़े सुखा दिये जाते हैं जिस पर सत्यप्रकाश को आपत्ति रहती है। इसी बात का विरोध करने पर योगेन्द्र व सत्यप्रकाश से भिड़ बैठे। दोनों में जमकर मारपीट हुयी। बमुश्किल अन्य पुलिसकर्मियों द्वारा दोनों को पकड़कर शांत किया गया। इस तरह के झगड़े यहां आम हो गये हैं जबकि ये दूसरों को सज्जनता का पाठ पढाते हैं।





