कोसीकलां। कोसी के बल्देवगंज स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में आज पैसे जमा कराने आये ग्रामीण के दो लाख रूपये काउंटर से गायब हो गये जिससे पूरे बैंक परिसर मंे हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार कोसीकलां के गांव खरौठ निवासी सतवीर आज बल्देवगंज कोसीकलां स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाख में दो लाख रूपये जमा कराने आया था तभी रूपये जमा कराते समय उसने अपना रूपयों से भरा थैला काउंटर पर रख दिया। उसके पास दो अन्य लोग भी खड़े हुए थे। पलक झपकते ही ग्रामीण का दो लाख रूपये से भरा थैला गायब हो गया जिससे बैंक परिसर में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पर पुलिस भी पंहुच गयी और मौके पर मौजूद लोगों की तलाशी ली लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। पुलिस ने बैंक के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चैक की तो दो संदिग्ध युवक पुलिस को दिखाई दिये। पुलिस को शक है कि यह युवक ही थैला लेकर फरार हुए हैं। पुलिस घटना की जांच में जुट गयी है।





