प्रसिद्ध द्वारिकाधीश मंदिर में भी नंदोत्सव के दौरान मौजूद श्रद्धालु
मथुरा। संपूर्ण ब्रज में आज नंदोत्सव की धूम देखी गयी। प्रसिद्ध श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर आज नंदोत्सव में श्रीकृष्ण जन्मस्थान के सभी अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे तो पंडित, पुजारी भी किसी से पीछे नहीं थे।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर नंदोत्सव धूमधाम से मनाया गया। संस्थान के सचिव कपिल शर्मा और मीडिया प्रभारी विजय बहादुर सिंह, गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी सहित मंदिर के सभी प्रमुख लोग और कर्मचारी नंदोत्सव मनाने में लगे रहे। खूब सामान श्रद्धालुओं को लुटाया गया। जगह-जगह नंदबाबा का खजाना लूटने के लिये श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह से ही श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर पंहुच चुकी थी। प्रसिद्ध द्वारिकाधीश मंदिर में भी नंदोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया। द्वारिकाधीश मंदिर में आज सुबह नंदोत्सव मनाया गया। श्रद्धालुओं को दर्शन देने के लिए प्रभु द्वारिकानाथ आज गर्भगृह से निकलकर बाहर आ गए। यहां पर नंद बाबा के रूप में गोस्वामियों ने भक्तों को खेल-खिलौने और प्रसाद लुटाया। मंदिर के पुजारी और प्रमुख सेवा में जुड़े लोग नंदबाबा बनकर खजाना लुटाते देखे गये। भगवान श्रीकृष्ण कन्हैया लाल की जय जयकार के उदघोष पूरे मंदिर में सुनाई पड़ रहे थे। द्वारिकाधीश मंदिर में इस मौके पर मंदिर के प्रमुख पुजारी और सेवायत लोगों का मंदिर की ओर से मान सम्मान किया गया। श्रद्धालुओं मंे नंदबाबा का खजाना लूटने की होड़ मची रही। इसके अतिरिक्त ब्रज के छोटे-बड़े मंदिरों में आज बड़े श्रद्धा और उल्लास के साथ नंदोत्सव मनाया गया।





