मथुरा। भारतीय जनता पार्टी की सांसद के कार्यकाल केा एक वर्ष पूरा होने को जा रहा है लेकिन अभी तक जनपद में सांसद द्वारा कोई भी विकास कार्य नजर नहीं आ रहे हैं। जनपद की जनता ने उन्हें भारी मतों से विजयी बनाकर क्षेत्र का सांसद चुना था। सांसद होने के बाद वे जनपद की जनता के करीब न आकर उससे दूरी बनाये हुए हैं तथा जनपद में विकास कार्यों की वे बात तो करती हैं लेकिन आज तक कोई भी विकास कार्य नहीं कराये गये। यह बात समाजवादी पार्टी मजदूर सभा के जिलाध्यक्ष राकेश गौड़ ने कही। उन्होंने कहा कि मथुरा महोत्सव से जनपद का विकास होने वाला नहीं है। इससे कई वर्ष पूर्व भी जनपद में मथुरा महोत्सव किया गया था जिसमें लाखों रूपये खर्च हुए थे। उन्होंने कहा कि यदि मथुरा महोत्सव में खर्च होने वाला पैसा जनपद के विकास कार्यों में लगाया जाये तो जनपद में विकास के कार्य दिखाई देंगे। एक वर्ष के कार्यकाल में सांसद हेमा मालिनी द्वारा किसी भी गांव को संपर्क मार्ग से जोड़ने का काम नहीं किया है। केवल वे जनता को झूठे आश्वासन देकर गुमराह कर रही हैं। जनपद की जनता अब उन्हें समझ चुकी है।





