
बिहार चुनाव जीतेगी भाजपाः राजनाथ
125 हजार करोड़ के मुद्रा बैंक से मिलेगा युवाओं को ऋण
मथुरा। देश के गृह मंत्री और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने आज वृन्दावन में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान गृह मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार आने के बाद मास तस्करी व गौवंश तस्करी में कमी आयी है। बिहार में होने वाले चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा देश बनाने की राजनीति करती है जबकि अन्य दल सरकारें बनाने के लिये राजनीति कर रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेता व गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने आज वृन्दावन परिक्रमा मार्ग स्थित कृष्णकृपा धाम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये कहा कि मोदी सरकार ने जनता के सम्मान व हक के लिए सुरक्षा बीमा योजना के रूप में एक ऐतिहासिक पहल की है। कार्यकर्ता व जनता इसका लाभ ले। भाजपा देश निर्माण की राजनीति कर रही है बहुत सी सरकारें केवल सरकार बनाने के लिये राजनीति करती हैं लेकिन भाजपा देश बनाने के लिये राजनीति करती है। राजनाथ ने कहा कि 125 हजार करोड़ के मुद्रा बैंक के माध्यम से युवाओ को ऋण देकर रोजगार सम्पन्न किया जायेगा, जिससे गरीब व्यक्ति को भी लाभ मिलेगा। आज देश में स्वाभिमानी सरकार है। भाजपा सरकार में देश की सीमाएं सुरक्षित है। भाजपा सरकार आने के बाद गौ मांस व गौ वंश की तस्करी में कमी आयी है। कार्यक्रम में पुरषोत्तम खण्डेलवाल, फतेहपुर सीकरी के सांसद चै. बाबूलाल, जिलाध्यक्ष डा. डीपी गोयल, बांकेबिहारी माहेश्वरी, रविकांत गर्ग, चै. लक्ष्मीनारायण, पूर्व सांसद तेजवीर सिंह, देवेन्द्र शर्मा, संजय शर्मा, ओमप्रकाश सिंह, मुन्ना भैया, रामकिशन पाठक, चिंताहरण चतुर्वेदी, रवि माहेश्री, दीपा अग्रवाल आदि मौजूद थे।
--------------------------------------
मथुरा। आज यहां वृंदावन आए केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के काफिले के सामने सडक पर लेट शिक्षामित्रों ने अपनी पीड़ा जताते हुए उनसे केन्द्र सरकार द्वारा हस्तक्षेप कर उनकी नौकरी बचाने की गुहार की। केन्द्रीय गृहमंत्री ने शिक्षामित्रों को मदद का आश्वासन देते हुए उनकी नौकरी सुरक्षित करने की बात कही।
ज्ञात रहे आज गृहमंत्री राजनाथ सिंह श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर में भाजपा कार्यकर्ताओं के अधिवेशन को संबोधित कर बाहर निकल रहे थे। राजनाथ सिंह से अपनी पीड़ा व्यक्त करने गए जनपद भर से जुटे शिक्षामित्रों ने मंदिर के दरवाजे के सामने मथुरा वृंदावन मार्ग पर जाम लगा दिया और शिक्षक-शिक्षिकाएं सड़क पर लेट गए। उनका कहना था कि केन्द्रीय गृहमंत्री ने मंच से उनके विषय में कोई बात नहीं की, आखिर में केन्द्रीय गृहमंत्री अपनी गाड़ी से उतरे और शिक्षामित्रों की मांगे सुनीं। शिक्षामित्रों का नेतृत्व कर रहे संघ के जिलाध्यक्ष दुष्यंत सारस्वत व सैकड़ों शिक्षामित्रों ने राजनाथ सिंह से कहा कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय में एनसीटीई द्वारा गलत काउंटर लगा देने से उनका अहित हुआ है। नौकरी जाने से परिवार भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं। तो केन्द्रीय गृहमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार शिक्षामित्रों को लेकर गंभीर है। हर हाल में आपकी मदद की जाएगी। प्रधानमंत्री आपके बारे में चिंतित है। एनसीटी से वो खुद वार्ता करेंगे तथा आप शिक्षक हैं, शिक्षक ही रहेंगे। इस दौरान राजकुमार चैधरी, पंकज निषाद, रामकुमार, विनोद भाटी, वकील अहमद, साजिद अहमद, सतीश सैनी, रेखा चोधरी, नीटू कुमारी, अमरूद्दीन, हाकिम सिंह, वेदवीर, भगवान सिंह, चन्द्रप्रकाश शर्मा, सत्तो देवी प्रेमलता, सविता डांगर, मालबिका, सतवीर सिंह, मनोज कुमार, जयप्रकाश, मुकुश उपाध्याय, जीतपाल, लेखराज, दीपा, लक्ष्मी, बबीता, चन्द्रकला, पूजा चैधरी, संगीता, ब्रजेश शर्मा,आदि उपस्थित रहीं।





