भारत और नेपाल के बीच तीन समझौतों पर हुए हस्‍ताक्षर

काठमांडू : प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री सुशील कोइराला के साथ बैठक की। दोनों पक्षों के बीच शिष्‍टमंडल स्‍तर की वार्ता भी हुई।

मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि दोनों देशों को विकास पर सबसे ज्‍यादा ध्‍यान देना चाहिए। उन्‍होंने कहा ‘सबका साथ, सबका विकास’ भारत के पड़ोसियों के लिए भी प्रासंगिक है।

विकास के क्रम में बुनियादी ढांचे को प्राथमिकता दिए जाने की जरूरत पर बल देते हुए नरेन्‍द्र मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच विश्‍वास मजबूत बनाया जाना चाहिए। उन्‍होंने कहा कि भारत, नेपाल की संप्रभुता का सम्‍मान करता है। 

प्रधानमंत्री ने आशा व्‍यक्‍त की कि नेपाल में संविधान निर्माण की प्रक्रिया जल्‍द ही पूरी हो जाएगी।

नेपाल के प्रधानमंत्री सुशील कोइराला ने प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण का समर्थन करते हुए कहा कि दोनों देशों को परस्‍पर विश्‍वास और भरोसे के साथ मिलकर कार्य करना चाहिए। उन्‍होंने विकास से जुड़ी कई परियोजनाओं में भारत की सहायता मांगी। उन्‍होंने कहा कि विकास के लिए शांति और स्‍थायित्‍व जरूरी है।

प्रधानमंत्री ने संविधान सभा के संघीय लोकतांत्रिक गणराज्‍य के लक्ष्‍य की सराहना की। बाद में, दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों की मौजूदगी में भारत और नेपाल की बीच तीन समझौतों पर हस्‍ताक्षर किए गए। ये हैं -- पंचेश्‍वर विकास प्राधिकरण की स्‍थापना, घेंघा नियंत्रण कार्यक्रम के लिए स्‍वास्‍थ्‍य क्षेत्र में सहमति और दूरदर्शन तथा नेपाल टीवी के बीच सहयोग।

भारत के प्रधानमंत्री की यात्रा के अवसर पर दोनों प्रधानमंत्रियों ने एक स्‍मारक डाक टिकट भी जारी किया।

Subscribe now

Login and subscribe to continue reading this story....

Already a user? Login