वेलिंगटन । ऑलराउंडर जिम्मी नीशाम को आगामी भारत दौरे के लिए न्यूजीलैंड की 15 सदस्यीय टेस्ट टीम में फिर से बुलाया गया है। नीशाम ने अंतिम अंतरराष्ट्रीय मैच पिछले नवंबर में ब्रिसबेन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। दक्षिण अफ्रीका दौरे पर गए तेज गेंदबाज मैट हेनरी और बल्लेबाज जीत रावल की छुट्टी कर दी गई है। नीशाम पिछली गर्मियों में कमर दर्द के कारण ऑस्ट्रेलिया दौरे से हट गए थे, लेकिन इसके बाद उन्होंने घरेलू सत्र में ओटेगो और फिर इंग्लैंड के काउंटी क्रिकेट में डर्बीशायर के लिए खेल अपनी फिटनेस साबित की। न्यूजीलैंड के चयनकर्ता पूर्व ऑलराउंडर गेविन लार्सन ने कहा कि नीशाम की हरफनमौला क्षमता की वजह से उन्हें टीम में जगह मिली है। नीशाम ने टेस्ट क्रिकेट में वापसी के लिए कड़ी मेहनत की है। हालांकि ऑलराउंडर कोरी एंडरसन के कमर की चोट से पीड़ित होने के कारण उनके नाम पर विचार नहीं किया जा सका। हमारे पास निशाम और डग ब्रेसवैल के रूप में दो पेस बॉलिंग ऑलराउंडर्स हो गए हैं। इससे टीम का संतुलन काफी बढ़िया हो जाएगा, खास तौर से अगर हमें ऐसे पिच पर खेलना पड़े जहां ज्यादा स्पिनर्स खिलाना जरूरी हो। हमने स्पिनर्स के रूप में मिशेल सेंटनेर और ईश सोढ़ी पर भरोसा जताया है। बाएं हाथ के स्पिनर सेंटनेर और लेग स्पिनर सोढ़ी ने इसी साल भारत में आयोजित टी20 विश्व कप के दौरान शानदार गेंदबाजी की थी। इन दोनों के साथ मार्क क्रेग के सामने भी अपनी प्रतिभा साबित करने का मौका रहेगा, जिन्होंने पिछले छह माह में कुछ बदलाव किया है। भारत टेस्ट रैंकिंग में नं.2 की टीम है और उसका अपने घर में गजब का रिकॉर्ड है। हमें वहां अपनी पहली टेस्ट सीरीज जीत की तलाश है। हमें तीनों टेस्ट में अपना हुनर दिखाना होगा। पहला टेस्ट 22 सितंबर से कानपुर में शुरू होगा। इसके बाद अगले दो टेस्ट कोलकाता व इंदौर में खेले जाएंगे।
टीम : केन विलियमसन, ट्रेंट बोल्ट, डग ब्रेसवैल, मार्क क्रेग, मार्टिन गुप्टिल, टॉम लैथम, जिम्मी नीशाम, हेनरी निकोलस, ल्यूक रोंची, मिशेल सेंटनेर, ईश सोढ़ी, टिम साउथी, रॉस टेलर, नील वेगनर, ब्रायन वाटलिंग।
साभार-khaskhabar.com






Related Items
लोहिया की बेचैन विरासत, कांग्रेस-मुक्त भारत का पहला खाका
क्या भारत में चुनाव जीतने का असली पासपोर्ट आज भी जाति का प्रमाणपत्र है?
भारत में भाप वाले इंजन से हाई स्पीड ट्रेन तक रेलवे की यात्रा