मंदिर अधिग्रहण के विरोध में वृन्दावन के बाजार रहे बंद

 मंदिर अधिग्रहण को लेकर वृंदावन के व्यापारियों ने रखा बाजार बंद

मथुरा। वृंदावन नगर के ठा. बांकेबिहारी मंदिर अधिग्रहण को लेकर गोस्वामी समाज और पण्डा समाज द्वारा किये गये बंद के आहवान का असर सामने आया। जहां बिहारीजी क्षेत्र में बंद प्रभावी नजर आया वहीं दूसरे क्षेत्रों की कुछ दुकानें खुली नजर आयीं। मंदिर अधिग्रहण को लेकर कई दिनों से गोस्वामी समाज धरने-प्रदर्शन, बुद्धि शुद्धि यज्ञ और प्रदेश सरकार से मिलने का क्रम बनाये हुये है। आज वृन्दावन में बिहारीजी मंदिर के गोस्वामी समाज के लोगों ने बाजार बंद करवाये मंदिर क्षेत्र में काफी संख्या में दुकानें बंद नजर आयीं। बंद के दौरान विश्व हिंदू परिषद, वैश्य सभा, गोस्वामी समाज और भाजपा के लोग मौजूद थे। बंद के दौरान आज सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की गयी। गोस्वामियों का कहना था कि यदि प्रदेश सरकार द्वारा मंदिर अधिग्रहण किया गया तो वे किसी भी हद तक जाने के लिये तैयार हैं। उन्हें सर्वसमाज और पूरी जनता का सहयोग मिल रहा है। भाजपा नेताओं ने बंद का समर्थन किया और उनके साथ बंद के दौरान दिखाई दिये। आज बंद के दौरान आवास गोस्वामी, सौरभ गौड़, तुलसी उपाध्याय, श्रीनाथ गोस्वामी, शालू गोस्वामी, प्रणव गोस्वामी, राजकुमार गोस्वामी, दीनानाथ गोस्वामी, श्रीचंद गोस्वामी, भाजपा के देवेन्द्र शर्मा, राजेश पंडित, सुनील चतुर्वेदी आदि मौजूद थे। इससे पूर्व कल रात्रि गोस्वामी समाज द्वारा नगर में एक जुलूस निकाला गया जिसमें व्यापारियों से बंद को सफल बनाने की अपील की गयी। इस दौरान भाजपा के रविकांत गर्ग भी मौजूद थे। वहीं बंद के दौरान गोस्वामी समाज पर व्यापारियों द्वारा जबरन दुकानंे बंद कराने की खबरें भी आयीं लेकिन इन खबरों को गोस्वामी समाज ने सिरे से नकार दिया।

कांग्रेस विधानमण्डल दल नेता प्रदीप माथुर प्रदेश सरकार से इस अधिग्रहण को रोकने के बारे में मिल चुके हैं और ऐसी कार्यवाही न करने की अपील कर रहे हैं। भाजपा के नेता लक्ष्मीनारायण चैधरी ने भी बांकेबिहारी मंदिर के अधिग्रहण पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कल उन्होंने कहा था कि यह अधिग्रहण बिलकुल गलत है। ठाकुरजी का अधिग्रहण कौन कर सकता है।


Subscribe now

Login and subscribe to continue reading this story....

Already a user? Login






Mediabharti