मथुरा की बेटी ने दो स्वर्ण पदक प्राप्त कर लहराया सफलता का परचम

मध्यप्रदेश के राज्यपाल एवं कुलाधिपति राम नरेश यादव मथुरा की छात्रा अन्नू को स्वर्ण पदक से नवाजते हुए

मथुरा। जीवाजी विश्वविद्यालय ग्वालियर द्वारा अपने स्वर्ण जयंती वर्ष में आयोजित दीक्षांत समारोह में मथुरा की बेटी कु0 अन्नू सिंह को दो स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। पहला स्वर्ण पदक एमएससी (माइक्रो बायलाॅजी) में सर्वाधिक अंक 86 प्रतिशत प्राप्त करने पर दिया गया। यह पदक दीक्षान्त समारोह में मध्यप्रदेश के महामहिम राज्यपाल एवं कुलाधिपति राम नरेश यादव द्वारा प्रदान किया गया तथा विश्व विद्यालय के टाॅपरों में भी टाॅप चुनने पर शिक्षा, पाठ्येत्तर गतिविधियां एवं समाजसेवा में उल्लेखनीय योगदान के उपलक्ष्य में ‘भारत के राष्ट्रपति डा0 शंकर दयाल शर्मा स्वर्ण पदक’ से भी छात्रा अन्नू सिंह को सम्मानित किया गया। समारोह में उपस्थित भारत के पूर्व न्यायाधीश रमेशचन्द लाहोटी ने अपने कर कमलों द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किया। प्रतिभाशाली छात्रा अन्नू सिंह केन्द्रीय विद्यालय मथुरा कैंट में कार्यरत शिक्षक एनपी सिंह की सुपुत्री हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो0 डी0बी0 अग्रवाल (संघ लोकसेवा आयोग) नई दिल्ली ने की। कार्यक्रम में म0प्र0 राज्यपाल रामनरेश यादव ने सभी छात्र छात्राओं की अग्रणी भूमिका की प्रशंसा की। अपने अध्यक्षीय भाषण मेें कुलाधिपति श्री यादव ने देश में गिरते शिक्षा के स्तर पर चिंता व्यक्त की। मुख्य अतिथि संघ लोकसभा आयोग नई दिल्ली के अध्यक्ष प्रो0 डी0पी0 अग्रवाल ने चरित्र बल को भारत की पहचान बताते हुए युवा वर्ग को नैतिक चारित्रिक आचरण की ओर अभिमुख होने को कहा। यहां मथुरा स्थित कु0 अन्नू सिंह के परिजनों में खुशी की लहर है वहीं केन्द्रीय विद्यालय कैंट मथुरा के अध्यापक एवं अध्यापिकाओं ने भी कु0 अन्नू को बधाई दी है।

Subscribe now

Login and subscribe to continue reading this story....

Already a user? Login