दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लूटा माल बरामद
मथुरा। गत 11 अगस्त को दिनदहाड़े मधुवन एंकलेव में चीनी व्यापारी अशोक अग्रवाल के घर में सात-आठ बदमाशों ने पानी मांगा और गृहस्वामी की पत्नी साधना और नौकरानी गौरा को तमंचा कनपटी पर लगाकर चाबी छीनकर कमरे में बंद कर दिया। बदमाश दो लाख बीस हजार रूपये नगद, सोने-चांदी के जेवर, गिन्नी आदि सामान लूटकर फरार हो गये। घटना की गंभीरता को देखते हुए शहर कोतवाल चन्द्रभान सिंह ने इसकी जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इसके लिए कई टीम गठित की। कल एसएचओ चन्द्रभान सिंह व कृष्णानगर चैकी इंचार्ज राजकुमार गिरि मय फोर्स व अमित वशिष्ठ उपनिरीक्षक राया को मुखबिर ने सूचना दी कि अभियुक्त तरूण पुरी व रवि शर्मा आसपास घूम रहे हैं। नये बस स्टैण्ड से इन्हें गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से एक तमंचा, दो कारतूस, चाकू व लूट का माल सोने के आभूषण, दो सोने की गिन्नी, तीन टाॅप्स, दो अंगूठी, 22 चांदी के सिक्के, दो चूड़ी, चांदी का कटोरा, मोबाइल व 1 लाख 54 हजार 840 रूपये नगद बरामद हुये। बदमाशों पर तमंचा और चाकू भी मिले। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इस लूटकाण्ड का खुलासा करते बताया कि तरूण पुरी पुत्र ओमप्रकाश निवासी बुलंदशहर, रवि शर्मा पुत्र वीरेन्द्र निवासी दानपुरी डिबाई को पकड़ा गया है। इनके साथी प्रवीन पुत्र राजकुमार निवासी बाबूपुरा बुलंदशहर, अमित निवासी फजलगढ डिबाई, अशोक निवासी दौलतपुर डिबाई, रिंकू पुत्र सतीश निवासी दानपुर डिबाई, राकेश पुत्र रामचन्द्र अभी गिरफ्तार नहीं हो पाये हैं। एसएसपी ने बताया कि तरूण पुरी पूर्व में मधुवन एंकलेव में किराये के मकान में रहता था। प्रवीन का आना-जाना था। कर्जे के कारण अन्य बदमाशों के साथ मिलकर तरूण पुरी ने इस घटना को अंजाम दिया। उसके साथी उसी दिन हरियाणा की बस और बाइकों से चले गये। तरूण व रवि गोवर्धन की एक धर्मशाला में रूककर पुलिस कार्यवाही की भनक ले रहे थे।





