श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर भव्य सजेगा पुष्प बंगला मां गंगे का
मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर मां गंगा के प्राकट्य दिवस गंगा सप्तमी तद्नुसार 13 मई को हर्षोल्लास से मनाई जाएगी। यह जानकारी संस्थान के प्रबंध समिति के सदस्य गोपेश्वर चतुर्वेदी ने दी, उन्होंने कहा कि पतित पावनी मां गंगा के प्राकट्य दिवस पर हम सभी का यह कर्तव्य है कि गंगाजल जो किन्हीं काहरणों से प्रदूषित हो रहा है, इसे तुरंत रोके और मां गंगा की अविरल एवं निर्मल धारा बनाने का संकल्प लें। गंगाजी तभी निर्मल हो पाएंगी जब उनसे पहले श्रीयमुनाजी के जल को अविरल एवं निर्मल किया जाए। इसी को लेकर 13 मई को श्रीकृष्ण जन्मस्थान के प्रांगण में स्थित केशवदेव मंदिर के निज मंदिर में स्थापित मां गंगा के प्राचीन श्रीविग्रह का दिव्य मंत्रों के साथ शास्त्रीय मर्यादाओं के अनुरूप मंदिर के पूजाचार्यो द्वारा अभिषेक, आरती सहित पूजन-अर्चन के उपरांत भक्तों में अभिषेक का चरणामृत प्रसाद वितरित किया जाएगा। इस अवसर पर मां गंगा के मंदिर को भव्य पुष्प बंगले से सजाया जाएगा।





