मथुरा। यमुना एक्सप्रेस वे पर बलदेव क्षेत्र के गांव खेरडा में भाई दूज पर पत्नी और बच्चों के साथ ससुराल आ रहे बाइक सवार को कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार दंपति सहित चार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक दो वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए गंभीर हालत में आगरा भेजा गया है। जानकारी के अनुसार आगरा के ताजगंज निवासी 30 वर्षीय हरपाल पुत्र छोटेलाल अपनी पत्नी खुशबू और अपने तीन बच्चों में पांच वर्षीय मनीष, तीन वर्षीय गगन, दो वर्षीय मंगन के साथ अपनी बाइक से बलदेव क्षेत्र के गांव खरेड़ा स्थित ससुराल आ रहा था। उसे सामने से आ रही अनियंत्रित स्विफ्ट कार ने टक्कर मार दी। इससें वह परिवार के साथ सड़क पर काफी दूर तक घिघ्सटता चला गया। इस हादसे में हरपाल, उसकी पत्नी खुशबू, 5 वर्षीय पुत्र मनीष और 3 वर्षीय गगन की मौके पर ही मौत हो गई तथा दो वर्षीय मगन गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा हुआ था। आसपास के लोग घटनास्थल की और दौड़े और पुलिस को सूचना दी। पुलिस कर्मियों ने घायल को इलाज के लिए आगरा भेजा। इसी दौरान मृतकों के ससुराल पक्ष के लोग मौके पर आ गए। उन्होंने चारों शवों को पुलिस से छीन लिया। उन्हें यमुना एक्सप्रेस वे पर रखकर ग्रामीणों के सहयोग से जाम लगा दिया। इस कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी पहुंचे। बहुत प्रयास के बाद ग्रामीणों को मनाने में प्रशासन सफल हुआ। पुलिस ने कार को भी जब्त कर लिया लेकिन उसका चालक मौके से भाग जाने में सफल रहा।





