विकास कार्यो से कराया अवगत
मथुरा। यमुना शुद्धि संकल्प मिशन 2015 के वालंटियरों ने जिलाधिकारी राजेश कुमार, मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के सचिव एसबी सिंह तथा एसएसपी की अनुपस्थिति में एसपी क्राइम से मुलाकात कर अब तक मिशन द्वारा यमुना को शुद्व कराने के लिए किए गए प्रयासों से अवगत कराया। मीरा गोस्वामी, मुकेश ठाकुर व दिल्ली से आए हरीश के नेतृत्व में गई इस टीम के ऋचा शर्मा, नीलम गोस्वामी, मनोज ठाकुर, पारूल शर्मा, शालिनी, ऋतु, मनीष राजपूत, भोला पंडित, देवन्द्र शर्मा, लव आदि ने सर्वप्रथम जिलाधिकारी के कार्यालय जाकर उनसे मुलाकात की और उन्हें व एसडीएम सुरेन्द्र शर्मा को विकास कार्यो से अवगत कराते हुए उन कार्यो के लिए संरक्षण की मांग की जिस पर जिलाधिकारी राजेश कुमार ने स्वंय घाटों का निरीक्षण करने की बात कही और आश्वासन दिया कि वे भी इस कार्य में अपना हर संभव सहयोग देने को तैयार हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए महाआरती के अनुरोध को स्वीकारते हुए कहा कि वे शीघ्र ही इस पावन कार्य के लिए समय निकालेंगे। उन्होंने मिशन द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यो की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि यमुना भक्तों द्वारा निःस्वार्थ भाव से किया जा रहा यह प्रयास सराहना के योग्य तो है ही, साथ ही इस कार्य से यहां आने वाले पर्यटक भी लाभांवित होगें। इसके बाद इस प्रतिनिधि मंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार सिंह की अनुपस्थिति मंे उनका कार्य देख रहे एसपी क्राइम अशोक कुमार राय से वार्ता की और उन्हें श्रीकृष्ण गंगा घाट पर आकर मां यमुना की भव्य शंखनाद महाआरती करने का निमंत्रण दिया जिसे उन्होंने स्वीकार करते हुए आज शाम को यहां आने की बात कही। इसके बाद कार्यकर्ताओं की इस टीम ने मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के कार्यालय का रूख किया और वहां के सचिव एसबी सिंह को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। कार्यकर्ताओं ने बताया कि यदि विकास प्राधिकरण की सहायता से उन्हें यमुना के आस पास के क्षेत्र की भूमि कुछ समय के लिए प्राप्त हो जाए वे इस भूमि पर वृक्षारोपण कर यहां आने वाले श्रद्धालुओं को ब्रज की महत्वता से अवगत कराने में कामयाब हो सकते हैं। इस पर सचिव ने तत्काल ही कहा कि मिशन उन्हें ये बता दे कि वे किस भूमि पर वृक्षारोपण करना चाहते हैं, विकास प्राधिकरण उनकी इस कार्य में अवश्य मदद करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि वे शीघ्र ही घाटों वाली यमुना का निरीक्षण करेंगे और वहां कराए गए विकास कार्यो का जायजा लेंगे।





