परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
परिजनों चार नामजदों के खिलाफ दी तहरीर
मथुरा। राया कस्बा की भोलेश्वर कालोनी में रहने वाले एक युवक ने आज बृहस्पतिवार सुबह तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। युवक की मौत के बाद घर में कोहराम मच गया। युवक की मौत को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चायें हैं वहीं मृतक के परिजन युवक की हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा है।
मिली जानकारी के अनुसार अलीगढ के बेसवा के पास अनुपिया गांव के रहने वाले रमेश का पूरा परिवार काफी समय से राया की भालेश्वर कालोनी में रह रहा था। बताया गया कि आज सुबह उनके पुत्र 28 वर्षीय सोनू ने तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया। गांव के लोग इकटठे हो गये और पुलिस को जानकारी दी। घटना की सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पंहुच गयी। आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। वहीं क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चायें उसकी मौत के बाद चल रही हैं। क्षेत्र में चर्चा थी कि बैट्री चोरी की घटना में सोनू का नाम आने पर आज सुबह कुछ लोग उसके घर गये थे जिन्होंने उससे बातचीत की। इन लोगों के जाने के बाद उसने तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। वहीं परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप लगाया है। घटना की सूचना पर पंहुची पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक के परिजनों ने भूपसिंह निवासी किरवाया राया, भूरा, लक्ष्मी शर्मा निवासी राया और धर्मेन्द्र निवासी राया व एक अन्य पर हत्या का आरोप लगाया है।





