
मथुरा। राजीव इंटरनेशनल स्कूल में गुरूनानक जयन्ती का पर्व बड़े ही धूम धाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गाँधी सदन द्वारा एक विशेष सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने गुरूनानक देव जी के जीवन एवं शिक्षा पर एक लघु नाटिका का मंचन किया। इसमें प्रमुख भूमिका देव पाठक, अनुज शर्मा, शिवम् कुमार, अधर त्रिपाठी, हरियाक्ष अग्रवाल, ओजस्व बंसल एवं जतिन बघेल ने निभाई। गुरूनानक देव जी एवं सिख पंथ से सम्बन्धित जानकारी पर ख्याति शर्मा ने अपने विचार प्रस्तुत किए। इस अवसर पर छात्रों ने एक प्रभात फेरी भी निकाली जिसमें मयंक अग्रवाल, जानवी भारद्वाज, सत्यम गौड़, प्रियांशी शर्मा, काव्या भाटिया, अंकित सोलंकी, आदित्य, पृथ्वी आदि ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन आनंदिता द्विवेदी द्वारा किया गया। इस अवसर पर स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर मनोज अग्रवाल ने बच्चों को जात-पाँत का भेदभाव न करने व अच्छे आचरण करने के लिए प्रेरित किया। स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती नन्दिता ढींगरा ने बच्चों से कहा कि गुरूनानक देव की तरह ही हमारा मुख्य उद्देश्य भी परमार्थ और मानवता के हित में काम करने का होना चाहिए। हमें सभी धर्मों का आदर करते हुए अपने चरित्र निर्माण की ओर ध्यान देना चाहिए।





