
मथुरा। प्रख्यात् संगीतज्ञ एवं कलाविद् डा0 राजेन्द्र कृष्ण अग्रवाल को विगत दिवस आगरा के माथुर वैश्य सभागार में आयोजित अखिल भारतीय संगीत महर्षि पं0 विष्णु दिगम्बर संगीत-सम्मेलन की स्वर्ण जयन्ती के अवसर पर समर्पित भाव से संगीत व कला क्षेत्र में किये गये आजीवन सक्रिय रचनात्मक योगदान हेतु संगीत कला सेतु की सम्मानोपाधि प्रदान की गयी। आयोजक संस्था संगीत कला केन्द्र एवं पं0 रघुनाथ तलेगांवकर फाउण्डेशन ट्रस्ट द्वारा संयुक्त रूप से प्रदत्त सम्मानोपाधि को अस्वस्थता के चलते उनकी अनुपस्थिति में उनके प्रतिनिधि ने भारी करतल ध्वनि के मध्य ग्रहण किया। अभिनन्दन पत्र का वाचन समारोह के मुख्य संयोजक पं0 केशव रघुनाथ तलेगांवकर ने किया। 12 प्रदेशों से पधारे संगीत मर्मज्ञों, कलाकारों एवं रसज्ञ इस अवसर पर उपस्थित रहे।
विदित हो कि इसी नवम्बर माह में ही डाॅ0 अग्रवाल को हिन्दी भवन, दिल्ली के सभागार में राष्ट्रीय संस्था अवन्तिका द्वारा काव्य, संगीत, कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान हेतु कर्मवीर चक्र सम्मान-2014 भी प्रदान किया गया। देशभर के 28 प्रदेशों से पधारे शिक्षाविदों की उपस्थिति में उन्हें यह सम्मान मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सम्बित पात्रा, सीबीआई के पूर्व निदेशक सरदार जोगिन्दर सिंह, वीर चक्र सम्मान प्राप्त कर्नल टी0 पी0 त्यागी, आगरा व रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के पूर्व रजिस्ट्रार डाॅ0 राम अवतार शर्मा एवं अवन्तिका के राष्ट्रीय निदेशक डाॅ0 आनन्द अग्रवाल द्वारा सम्मिलित रूप से प्रदान किया गया। सम्मान कि तहत शाॅल, मोतीमाल्य, सुसज्जित श्रीफल, कर्मवीर चक्र सम्मान पट्टिका, सम्मान-पत्र एवं स्मृति-चिह्न के रूप में शुद्ध चाॅंदी की बनी राम दरबार की छवि प्रदान की गयी।

Related Items
सबकी चेहती अक्षरा जल्द देंगी GOOD NEWS