
वृन्दावन में राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य चारों आश्रय सदनों को देखने पंहुचीं
अब वृद्ध महिलाओं की भी शासन को भेजी जायेगी रिपोर्टः सुषमा
मथुरा। राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य सुषमा साहू वृन्दावन आयीं और उन्होंने यहां रहने वाली निराश्रित महिलाओं के काम और उनको मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी की। उन्होंने बताया कि निराश्रित महिलाओं को लेकर प्रतिवर्ष शासन को रिपोर्ट भेजी जाती है लेकिन इस बार वे उन वृद्ध महिलाओं की भी रिपोर्ट शासन को भेजेंगी जिनका वर्तमान में कोई नहीं है। उन्होंने निराश्रित महिलाओं से पूछा कि उन्हें सुविधायें मिल रही हैं अथवा नहीं? प्रशिक्षण का कार्य कैसा चल रहा है? क्या आप घर जाना चाहती हैं? आदि सवाल महिला आयोग की सदस्य ने निराश्रित महिलाओं से पूछे और उनकी स्थिति का आंकलन किया और सुविधायें भी देखीं। महिला आयोग की सदस्य ने बताया कि वे इस बार वृद्ध महिलाओं की पूरी जानकारी ले रही हैं और इसे शासन तक भेजा जायेगा। क्या-क्या सुधार हो सकते हैं इस पर भी चर्चा की जायेगी। इस अवसर पर महिला आयोग की सदस्य के साथ जिला प्रोबेशन अधिकारी ओपी यादव, बाल कल्याण समिति की सदस्य, मजिस्ट्रेट प्रतिभा शर्मा मौजूद थीं। इस दौरान राष्ट्रीय सदस्य ने चेतन्य बिहार फेज-2 में दोनों आश्रय सदन और भूत गली और पागल बाबा मंदिर की पुरानी बिल्डिंग में स्थित दोनों आश्रय सदनों को भी देखा।





