शहर में राष्ट्रीय लोक अदालत एवं मानवाधिकार दिवस को लेकर बच्चे रैली निकालते हुए
डीजे-डीएम ने हरी झण्डी दिखाकर रैली को किया रवाना
मथुरा। राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए आज इस्लामियां इण्टर काॅलेज से रैली निकाली गयी। जिला जज दिनेश कुमार सिंह व जिलाधिकारी राजेश कुमार हरी झण्डी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली विकास बाजार पहुॅचकर समाप्त हुई। समापन स्थल पर राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के दृष्टिकोण से नुक्कड़ नाटक का प्रस्तुतिकरण किया गया। रैली से पूर्व इस्लामियां इण्टर काॅलेज के प्रांगण में जिला जज ने बताया कि 12 दिसम्बर को आयोजित होने राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए कुल 48169 लोगों को सम्मन जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि जनपद के 19 बैंकों के कुल 16715 तथा राजस्व के कुल 2361 सम्मन जारी किये गये हैं। जिला जज ने बताया कि त्वरित, सस्ता, सुलभ न्याय प्राप्त करना प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार है। उन्होंने बताया कि लम्बित मामलों के लोक अदालत में निस्तारण पर न्याय शुल्क की वापसी की व्यवस्था है तथा पक्षकार व्यक्तिगत स्तर पर स्वयं पहल कर सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि लोक अदालत की प्रक्रिया अत्यन्त सहज होती है और आपसी समझौते पर आधारित होती है। रैली में शामिल छात्र-छात्राओं को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चे देश के भविष्य हैं और उनका रैली में सक्रिय सहयोग सराहनीय है। इस अवसर पर जिलाधिकारी राजेश कुमार ने बच्चों से यह भी कहा कि वे अपने माता-पिता तथा पास पडोस के लोगों को भी राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रति जागरूक करें ताकि अधिक से अधिक संख्या में लोग उपस्थित होकर लाभान्वित हो सकें। मंच का संचालन प्रवक्ता हिन्दी वृषभान गोस्वामी ने किया। इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राजवीर सिंह, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पवन कुमार श्रीवस्तव, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अजय कुमार अवस्थी, पुलिस अधीक्षक नगर शैलेष कुमार पाण्डेय, नगर मजिस्ट्रेट विजय कुमार, जिला मनोरंजनकर अधिकारी एसपी सिंह, सचिव बार एसोसिऐशन राघवेन्द्र सिंह, प्रधानाचार्य इस्लामियां काॅलेज तुफैल अहमद, सदस्य, प्रबन्ध समिति डा. युनुस कुरैशी, क्षेत्रीय सभासद मो. जाहिद चेला, अब्दुल मलिक सहित इस्लामियां इण्टर काॅलेज के छात्र-छात्रायें आदि उपस्थित थे।





