
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी और अध्यक्ष ने मथुरा अधिवेशन की तैयारियों को दिया अंतिम रूप
मथुरा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी मधुसूदन मिस्त्री और प्रदेश अध्यक्ष डा.निर्मल खत्री ने सोमवार देरसायं को यहां कहा कि उप्र में विकास की नई राह कांग्रेस ही सुझा सकती है। दूसरी सभी दल ढ़ाई दशक के अपने कार्यकाल में प्रदेश की जनता को विकास की मुख्य धारा से पूरी तरह भटका चुके हैं। आने वाली 21 सितम्बर को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अधिवेशन में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी, उप्र में पार्टी की मजबूती के लिए जो मूल मंत्र देंगे उस पर सभी कार्यकर्ताओं को आगे बढ़कर मिशन 2017 में कांग्रेस को बढ़त दिलानी है।
श्री मिस्त्री व डा. खत्री गोवर्धन चैराहा क्षेत्र स्थित खण्डेलवाल सेवा सदन में सोमवार की शाम पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। लगभग दो घण्टे के विलम्ब से मथुरा पहुंचे कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी 21 सितम्बर को मथुरा से उप्र की राजनीति को नई दिशा देने का काम करेंगे। भगवान श्रीकृष्ण की नगरी से श्री गांधी का यह उद्घोष पूरे उप्र में पार्टी को नई ऊर्जा का संचार करेगा। कांग्रेस के इस प्रांतीय अधिवेशन में पूरे प्रदेश से 550 प्रतिनिधि भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सम्मान के साथ अब कोई खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं की जायेगी। सभी कार्यकर्ताओं को सम्मान देना संगठन पदाधिकारियों का दायित्व रहेगा और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी रहेगी कि वे अपने आपसी द्वेष भाव मिटाकर पुनरू उप्र में कांग्रेस को सम्मान दिलायें, कांग्रेस के सम्मान में ही कार्यकर्ता का सम्मान है। उन्होंने सपा सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में सरकार पूरी तरह बदनाम हो चुकी है। बढ़ते अपराधों ने आम जनमानस में असुरक्षा की भावना उत्पन्न करदी है। कांग्रेस के नेता द्वय ने कहा कि सभी दलों की सरकारों को ढ़ाई दशक में उप्र की जनता देख चुकी है। कांग्रेस सरकारों में प्रदेश ने जो विकास किया वह अब थम गया है। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता प्रदीप माथुर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सोहन सिंह सिसोदिया, शहर अध्यक्ष आबिद हुसैन प्रमुख रूप से मौजूद थे। प्रदेश प्रभारी और अध्यक्ष देर रात तक स्थानीय कांग्रेसियों के साथ बैठक कर 21 सितम्बर को होने वाले प्रांतीय अधिवेशन की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।





