मथुरा। रेलयात्री उपभोक्ता पखवाड़ा 26 मई से 09 जून तक मनाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत अध्यक्ष रेलवे बोर्ड एके मित्तल ने मथुरा जंक्शन एवं आगरा कैंट स्टेशन का निरीक्षण किया। सर्वप्रथम अध्यक्ष रेलवे बोर्ड ने मथुरां जंक्शन के द्वितीय प्रवेश द्वार पर नवनिर्मित द्वितीय एवं उच्च श्रेणी के प्रतीक्षालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उत्तर मघ्य रेलवे के महाप्रबंधक महेश मंगल एवं आगरा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक प्रभाष कुमार सहित मुख्यालय से पधारे अधिकारी एवं आगरा मंडल के अधिकारीगण उनके साथ रहे। इसके पश्चात् उन्होंने मथुरा जंक्शन स्टेशन का निरीक्षण किया एवं उपलब्ध यात्री सुविधाओं का जायजा लिया एवं प्रेस से वार्ता की। इसके तुरन्त बाद सभी अधिकारी उधान आभा तूफान एक्सप्रेस से आगरा के लिए रवाना हुए। उसी दौरान महाप्रबंधक महेश मंगल ने तूफान एक्सप्रेस के शयनयान एवं वातानुकूलित कोचों में यात्रियों से बातचीत की एवं उनसे सुझाव मांगें। आगरा कैंट स्टेशन पर अध्यक्ष एके मित्तल ने प्लेटफार्म संख्या 1, 4 एवं 5 के साथ यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। इसमें पार्सल, क्लाॅक रूम, यात्री प्रतीक्षालय, पर्यटक सुविधा केन्द्र, रिटायरिंग के साथ कसम फूड प्लाजा आदि का जायजा लिया। एके मित्तल ने निरीक्षण के दौरान आगरा कैंट स्टेशन पर बैटरी आॅपरेटेड कार एवं विकलांगों हेतु व्हील चेयर का भी उद्घाटन किया। अध्यक्ष एके मित्तल ने यात्री सुविधाओं पर संतोष जताया एवं इन्हें और बेहतर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये। इस अवसर पर अध्यक्ष के साथ उत्तर मघ्य रेलवे के महाप्रबंधक महेश मंगल, आगरा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक प्रभाष कुमार के साथ मुख्यालय से पधारे मुख्य वाणिज्य प्रबंधक विजयी राम एवं अन्य वरीय अधिकारी तथा अपर मंडल रेल प्रबंधक शीलेन्द्र प्रताप सिंह सहित मंडल के वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।





